लखनऊ के दुबग्गा थाना क्षेत्र में एक जन्मदिन पार्टी के दौरान हुए हमले में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दो अन्य को भी चोटें आईं। यह घटना ग्लोब कैंटीन के पास हुई, जहां 20-25 युवकों ने राहगीरों पर धारदार हथियारों और ईंट-पत्थरों से हमला किया। फिरदौस कॉलोनी, दुबग्गा निवासी मो. रफी के पुत्र बिलाल अपने दोस्तों आरिफ और सुफियान (छंदोइया निवासी) के साथ ग्लोब कैंटीन की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अहिरन खेड़ा और गद्दी बगिया क्षेत्र के सलमान गाजी, निजाम गाजी, रेहान गाजी, सिकंदर गाजी, शावेज गाजी उर्फ भूरा और कलीम गाजी अपने लगभग 20-25 साथियों के साथ जन्मदिन की पार्टी मना रहे थे। आरोप है कि पार्टी में मौजूद युवकों ने राहगीरों को अश्लील गालियां देनी शुरू कर दीं। जब राहगीरों ने इसका विरोध किया, तो हमलावरों ने उन पर ईंट-पत्थरों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। इस हमले में सुफियान के सिर पर गंभीर चोट आई। उसे बचाने पहुंचे छंदोइया गांव के गुफरान और इखलाक को भी चोटें लगीं। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने दुबग्गा थाने में नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। दुबग्गा प्रभारी निरीक्षक श्रीकांत राय ने बताया कि मामले को सुसंगत धाराओं में पंजीकृत कर छानबीन की जा रही है।