टेनरी के ज़हरीले पानी से लोग परेशान:पार्षदपति ने अधिकारी को अल्टीमेटम दिया, काम न होने पर प्रदर्शन की चेतावनी

कानपुर के जाजमऊ स्थित सरैया बाजार में सोमवार रात 8 बजे नमामि गंगे की टेनरी लाइन ओवरफ्लो हो गई। इससे सड़कों पर हजारों लीटर जहरीला पानी बहने लगा, जिससे लोगों का घर से बाहर निकलना मुश्किल हो गया। इस घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने रात 9 बजे जलनिगम और नमामि गंगे के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सरैया बाजार निवासी आश मोहम्मद, गुड्डी, सोनू कुमार और अमन जाटव ने बताया कि महीने में तीन से चार बार टेनरी की लाइन ओवरफ्लो हो जाती है। इसके कारण लगभग 300 मीटर सड़क पानी में डूब जाती है, जिससे राहगीरों को काफी परेशानी होती है। कई बार लोग इस सड़क पर फिसलकर गिर भी जाते हैं। क्षेत्र के राशिद, ममता सोनकर और शनि ने बताया कि जहरीले पानी से दुर्गंध और हानिकारक गैसें निकलती हैं। इसके कारण बच्चे घर के बाहर खेल नहीं पाते और मंदिर-मस्जिद जाने में भी दिक्कत होती है। स्थानीय लोगों ने यह भी बताया कि जिस जगह पानी बह रहा है, उसी स्थान पर होली का त्योहार मनाया जाता है। घटना की सूचना मिलते ही पार्षदपति फखर इकबाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने जटेटा के सचिव रिजवान नादरी को फोन कर अल्टीमेटम दिया। पार्षदपति ने कहा कि यदि एक घंटे के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो वह अगले दिन क्षेत्रीय लोगों के साथ कार्यालय पहुंचकर गेट पर ताला लगाकर प्रदर्शन करेंगे।