लखनऊ में 77वां गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस विशेष अवसर पर सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों पर तिरंगा फहराया गया। इस्लामिक सेंटर ऑफ़ इंडिया के अध्यक्ष मौलाना खालिद रशीद फरंगी महली ने दारुल उलूम फरंगी महल ईदगाह में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान बड़ी संख्या में मुस्लिम धर्म गुरु और मदरसे के छात्र मौजूद रहे। मौलाना खालिद राशिद ने कहा कि गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस जैसे राष्ट्र पर्व सबको मानना चाहिए। ये खास मौका होता है जब हम अपने घरों को संस्थाओं को तिरंगे से सजाते हैं। यह हम सभी लोगों की जिम्मेदारी है कि छात्रों को और घर के बच्चों को अपने वीर शहीदों के बारे में बताएं। देश को आजादी दिलाने के लिए हमारे लाखों बहादुर वीर जवान कुर्बान हो गए। इस स्वतंत्रता की कीमत लहू बहा कर चुकाया। देश को आजादी दिलाने के लिए हजारों उलमा ने अपना खून बहाया , मदरसों ने भी अहम भूमिका निभाई। इसलिए जंग-ए-आजादी और स्वतंत्रता की लड़ाई का इतिहास पढ़ना बहुत जरूरी है। उसके बाद संविधान बना और हम सबको अपने अधिकारों के साथ जीने का अवसर मिला।