संभल पुलिस ने एक युवक को पेट्रोल पंप मालिक को टॉय गन दिखाकर धमकाने और रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है। यह घटना जनपद संभल की तहसील गुन्नौर के थाना रजपुरा क्षेत्र के बबराला रोड पर हुई। थाना बबराला क्षेत्र के गांव भक्त नगला निवासी प्रमोद कुमार का पेट्रोल पंप है। आरोप है कि 24 जनवरी को मोहल्ला दर्जी, कस्बा रजपुरा निवासी राजा पुत्र बुंडू पेट्रोल पंप पर तेल डलवाने पहुंचा था। पैसे मांगने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और टॉय गन से धमकाते हुए रंगदारी की मांग की। पेट्रोल पंप मालिक प्रमोद कुमार की शिकायत पर पुलिस ने जांच की और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 352, 351(3), 308(5) के तहत रिपोर्ट दर्ज की। थाना प्रभारी संदीप चौधरी ने सोमवार शाम को बताया कि पेट्रोल पंप मालिक की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी। टॉय गन दिखाकर धमकाने और रंगदारी मांगने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने अभियुक्त के पास से एक टॉय गन ‘बॉडीगार्ड 9MM’ और एक होलिस्टर बरामद किया है।