संभल के असमोली थाना क्षेत्र में एक ढाई साल के बच्चे की छत से गिरकर मौत हो गई। बच्चा छत पर बिस्कुट खा रहा था, तभी बंदरों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। हमले के दौरान बच्चा छत से नीचे गिर गया, जिससे उसकी जान चली गई। यह घटना सोमवार सुबह करीब 9 बजे सफातनगर गांव में हुई। मृतक बच्चे की पहचान मोहम्मद जियान पुत्र अनीश के रूप में हुई है। जियान की मां भूरी ने उसे धूप में बिस्कुट देकर छत पर बैठाया था और खुद घर के काम में लग गई थीं। इसी दौरान बंदरों का एक झुंड छत पर आ गया और एक बंदर ने जियान पर हमला कर दिया। हमले से बच्चा अपना संतुलन खो बैठा और छत से नीचे सड़क पर जा गिरा। बच्चे के साथ बंदर भी नीचे गिरा, लेकिन वह तुरंत उठकर भाग गया। तेज आवाज सुनकर परिवार के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने बच्चे को गंभीर हालत में एक निजी चिकित्सक के पास पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर सुबह करीब 11 बजे थाना पुलिस भी गांव पहुंची। हालांकि, परिवार के सदस्यों ने बच्चे का पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया। मासूम की मौत से परिवार में मातम छा गया। बच्चे के पिता अनीश ने बताया कि उन्होंने अपने छोटे भाई मोहम्मद उमर से जियान और उसकी एक बहन को गोद लिया था। उन्होंने पुलिस कार्रवाई से इनकार करते हुए शाम को गमगीन माहौल में बच्चे को सुपुर्दे खाक कर दिया। थाना प्रभारी मोहित चौधरी ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस टीम को गांव भेजा गया था। परिवार के सदस्यों ने पुलिस को बताया कि बंदरों के हमले के कारण बच्चा छत से नीचे गिरा था। परिजनों ने पोस्टमॉर्टम कराने से मना कर दिया।