मेरठ में राज्यमंत्री ने ली परेड की सलामी:पुलिस लाइन में धूमधाम से मना 77वां गणतंत्र दिवस, उत्कृष्ट सेवा वाले पुलिसकर्मी सम्मानित

77वें गणतंत्र दिवस की मेरठ में भी धूम रही। पुलिस लाइन में भव्य परेड के बीच देश भक्ति से परिपूर्ण कार्यक्रमों का दौर चला। छोटे-छोटे स्कूली बच्चों ने एक से बढ़कर एक प्रस्तुतियां देकर पूरे वातावरण को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। हिंदुस्तान जिंदाबाद और भारत माता की जय के उद्घोष से पूरा वातावरण गूंजता रहा। पुलिस लाइन में कार्यक्रम की शुरुआत बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री दिनेश खटीक ने ध्वज फहराया। उनके अलावा विशिष्ठ अतिथि के रूप में एडीजी जोन भानु भास्कर, कमिश्नर भानु चंद गोस्वामी, डीआईजी रेंज कलानिधि नैथानी व डीएम डॉ. वीके सिंह मौजूद रहे। पहले चार तस्वीरें देखिए… मुख्य अतिथि ने ली परेड की सलामी ध्वजारोहण के बाद भव्य परेड निकाली गई, जिसमें मौजूद पुलिस विभाग की अलग अलग टोलियों ने कदमताल करते हुए कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। परेड की कमान एएसपी अंतरिक्ष जैन ने संभाली। नागरिक पुलिस, पीएसी, ट्रेफिक पुलिस, क्यूआरटी, महिला पुलिस के अलावा फायर डिपार्टमेंट, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम ने परेड में शानदार प्रदर्शन करते हुए अनुशासन का परिचय दिया। प्रतीक चिन्ह देकर पुलिस कर्मियों का सम्मान मुख्य अतिथि दिनेश खटीक ने अपने संबोधन में देश को आजादी दिलाने के लिए प्राण न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया। उन्होंने संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ भीमराव अंबेडकर और उनकी कमेटी की सराहना की, जिन्होंने ऐसा संविधान देश को दिया, जिसका उदाहरण पूरे विश्व में दिया जाता है। उन्होंने आजादी की मशाल जलने वाले मंगल पांडेय, धनसिंह कोतवाल को भी याद किया। उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिसकर्मियों का सम्मान गणतंत्र दिवस कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि द्वारा उत्कृष्ट सेवा के लिए पुलिसकर्मियों का सम्मान भी किया गया। डीजीपी प्रशंसा चिन्ह पाने वाले एडिशनल एसपी अंतरिक्ष जैन, निरीक्षक सुभाष सिंह, उप निरीक्षक सत्येंद्र कुमार व मनीष शर्मा, हेड कांस्टेबल आशुतोष सिंह, कांस्टेबल असनैन सिंह को सम्मानित किया। इनके अलावा उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह पाने वाले उप निरीक्षक घनश्याम सिंह, मुख्य आरक्षी सशस्त्र पुलिस शांति स्वरूप व मुख्य आरक्षी विजय सिंह (चालक) भी सम्मानित हुए। दो निरीक्षकों को मिला गृह मंत्रालय का उत्कृष्ट सेवा सम्मान कार्यक्रम के दौरान दो निरीक्षकों को गृह मंत्रालय का उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिह्न भी प्रदान किया गया। इनमें प्रभारी निरीक्षक ट्रैफिक संतोष कुमार सिंह के अलावा निरीक्षक नागरिक पुलिस रमाकांत पचौरी शामिल रहे। सराहनीय सेवा सम्मान चिन्ह पाने वाले उप निरीक्षक कमल शंकर त्रिवेदी, मुख्य आरक्षी ओमपाल सिंह और देवेंद्र सिंह भी सम्मानित हुए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति ने बांधा समा समारोह के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी दौर चला। शहर के विभिन्न स्कूलों से आए नन्हे मुन्ने बच्चों ने एक से बढ़कर एक देशभक्ति से परिपूर्ण कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर समा बांध दिया। बच्चों की इन प्रस्तुतियों को देखकर वहां मौजूद जनसमूह भी जोश से भर गया। हिंदुस्तान जिंदाबाद, भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से पूरा वातावरण गूंज उठा।