नमस्कार, आज नो न्यूज पेपर डे है। कल गणतंत्र दिवस था। इसलिए अखबार नहीं आएगा। लेकिन, आपको उत्तर प्रदेश की हर जरूरी खबर दैनिक भास्कर एप पर मिलेगी। पढ़िए, कल की 15 बड़ी खबरें… कल की सबसे बड़ी खबर बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट के इस्तीफे को लेकर रही। वह प्रयागराज माघ मेले में शंकराचार्य के अपमान से दुखी थे। वहीं, दूसरी खबर अविमुक्तेश्वरानंद के योगी पर दिए बयान से जुड़ी रही। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, यूपी में कल क्या कुछ खास रहा… 1. बरेली सिटी मजिस्ट्रेट का इस्तीफा; शंकराचार्य के अपमान और UGC कानून से दुखी थे बरेली सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री ने सोमवार को इस्तीफा दे दिया। उन्होंने 5 पेज के लेटर में लिखा कि माघ मेले में शंकराचार्य के शिष्यों की चोटी पकड़ पिटाई की गई। मैं इससे आहत हूं। ब्राह्मणों को वैकल्पिक राजनीति की जरूरत है। अफसर के इस्तीफे के बाद कई अफसर उन्हें मनाने पहुंचे। कानपुर के रहने वाले अग्निहोत्री 2019 में PCS अफसर बने थे। पूरी खबर पढ़ें 2. अविमुक्तेश्वरानंद बोले- अब लड़ाई असली-नकली हिंदू में, जब योगी चाहेंगे तभी स्नान होगा माघ मेले में शिविर के बाहर धरने पर बैठे अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा- आज की लड़ाई हिंदू-मुसलमान या अंग्रेज-भारतीय की नहीं, नकली हिंदू और असली हिंदू के बीच है। अब जब योगी चाहेंगे तभी स्नान होगा। अगर केशव मौर्य का बस चलता तो वो कब का हमें नहलाकर चले गए होते। उनको डांटा जा रहा। यहां आने नहीं दिया जा रहा। एक समझदार नेता को दबा दिया गया। पूरी खबर पढ़ें… 3. ताजमहल पर हिंदूवादियों ने तिरंगा फहराया; रैली में ‘अल्लाह-हू-अकबर’ के नारे लगे गणतंत्र दिवस पर हिंदूवादियों ने ताजमहल पर तिरंगा फहरा दिया। बागपत में तिरंगा रैली में अल्लाह-हू-अकबर’ के नारे लगे। राजधानी लखनऊ में राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने झंडा फहराया। बस्ती में झांकी में सीएम योगी के अंदाज में सजा बच्चा निकला। वाराणसी में DIG शिवहरि मीणा के बेटे ने वर्दी पहन सलामी ली। बाबा विश्वनाथ का तिरंगे के कलर में श्रृंगार किया गया। पूरी खबर पढ़ें 4. अखिलेश का योगी पर पलटवार, बोले- कुछ लोग नींद से उठने के बाद भी होश में नहीं आते सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने योगी पर पलटवार करते हुए कहा- कुछ लोग नींद से तो उठ जाते हैं, लेकिन होश में नहीं आते। आंखें दिनभर बंद रहती है, जाग कर भी मदहोश रहते हैं। उन्होंने कहा- सुना है कोई सतुआ बाबा और बथुआ बाबा हैं। लेकिन मौसम तो बथुआ का है। आज शंकराचार्य पर भी संकट पैदा हो गया है। जिन मंदिरों का संरक्षण होना चाहिए, उन पर बुलडोजर चल रहा है। पूरी खबर पढ़ें 5. वृंदावन की कुंज गलियां ठसाठस भरीं, बांके बिहारी के बाहर एक किमी लंबी लाइन मथुरा के बरसाना और वृंदावन में सोमवार को 5 लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। सबसे ज्यादा भीड़ बांके बिहारी, प्रेम मंदिर, निधिवन और श्रीजी मंदिर में देखने को मिली। सुबह 8 बजे ही यहां की गलियां श्रद्धालुओं से खचाखच भर गईं। मंदिरों के बाहर एक किलोमीटर तक लाइन लग गई। भीड़ में कई बच्चे और बुजुर्ग फंस गए, चीखने-चिल्लाने लगे। चीख सुनकर पुलिसवालों ने फंसे लोगों को निकाला। पूरी खबर पढ़ें 6. अमरोहा में टायर फटते ही हवा में उछली कार; HDFC मैनेजर और ऑपरेटर की मौत अमरोहा में तेज रफ्तार कार टायर फटते ही हवा में उछल गई। डिवाइडर तोड़ते हुए दो बार पलटी। फिर घिसटते हुए 15 फीट दूर दूसरी लेन में जा गिरी। हादसे में कार सवार पीलीभीत के 2 युवकों की मौत हो गई। युवकों में एक की पहचान एचडीएफसी बैंक के मैनेजर जबकि दूसरे की कम्प्यूटर ऑपरेटर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, हादसे के वक्त कार की स्पीड 100 से ऊपर थी। पूरी खबर पढ़ें 7. बहराइच में पेड़ से टकराई वैगनआर; मैनेजर समेत 3 दोस्तों की मौत बहराइच में तेज रफ्तार एक वैगनआर कार पेड़ से टकरा गई। भीषण हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में फाइनेंस कंपनी के ब्रांच मैनेजर समेत 3 दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि कार सवार दो युवक बुरी तरह घायल हो गए। सभी दोस्त सोमवार तड़के उत्तराखंड के कैंचीधाम जाने के लिए निकले थे। नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर बेकाबू कार हाईवे किनारे पेड़ से टकराने के बाद पलट गई। पूरी खबर पढ़ें 8. योगी से मिलने पैदल निकला भाजपा नेता; 8 महीने से बहू लापता है हरदोई में भाजपा के एक बुजुर्ग नेता अपने परिवार के साथ पैदल ही सीएम योगी से मिलने के लिए लखनऊ के लिए निकले हैं। दरअसल, भाजपा किसान मोर्चा के मंडल उपाध्यक्ष शिव सिंह की बहू 8 महीनों से लापता है। आरोप लगाया कि पुलिस मदद नहीं कर रही। अब सीएम योगी से ही न्याय की उम्मीद है। वीडियो संदेश में कहा- बहू की बरामदगी और दोषियों को सजा दिलाने के लिए वह जा रहे। पूरी खबर पढ़ें 9. संजय निषाद दलाली करते हैं, सपा सांसद बोले- राजनीति में एंट्री के लिए मेरे पैरों में रोए सुल्तानपुर में सपा के सांसद राम भुआल निषाद ने कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद को लेकर विवादित बयान दिया। उन्होंने कहा कि “डॉ. संजय निषाद और उनका पूरा खानदान समाज की दलाली करता है। वे राजनीति नहीं करते और नेता नहीं हैं। दरअसल संजय निषाद ने कुछ दिनों पहले “नीचे मल्लाह, ऊपर अल्लाह” वाला बयान दिया था। इसके जवाब में सपा सांसद ने यह पलटवार किया। पूरी खबर पढ़ें 10. मां ने पतंग उड़ाने से रोका, छात्र ने जान दी, मेरठ में दोस्तों के सामने डांट दिया था मेरठ में मां ने 9वीं के छात्र को पतंग उड़ाने से रोका, तो उसने जान दे दी। घर की दूसरी मंजिल के कमरे में उसका शव फंदे पर लटका मिला। वह 3 दिन से कुछ ज्यादा ही पतंग उड़ा रहा था। इस वजह से मां ने उसे दोस्तों के सामने डांट दिया था। इससे नाराज होकर छात्र सोमवार सुबह करीब 11 बजे वह कमरे में गया। दोपहर 12.30 बजे जब उसके दोस्त कमरे में गए, तो उसका शव देखा। पूरी खबर पढ़ें… 11. कानपुर में कोडीन कफ सीरप बेचने वाला सरगना जेल भेजा गया, 350 फर्म को सप्लाई की कानपुर में सोमवार को कोडीन युक्त कफ सीरप बेचने के आरोपी 50 हजार के इनामी विनोद अग्रवाल को जेल भेज दिया गया। क्राइम ब्रांच और कलक्टरगंज थाने की पुलिस ने उसे हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिले से गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया है कि विनोद ने 350 से ज्यादा फर्माें को कोडीनयुक्त सीरप सप्लाई की। वहीं, आरोपी ने अब तक 47 फर्मों को सप्लाई की बात कबूली है। पूरी खबर पढ़ें… 12. लखनऊ में इंस्टाग्राम पर दोस्ती, सफारी में बैठाकर किशोरी का गला घोंट दिया लखनऊ में लव ट्राएंगल में युवकों ने एक 16 साल की लड़की हत्या कर दी। उसे मिलने बुलाया फिर सफारी में बैठाकर उसका गला घोंट दिया। पुलिस ने लड़की की हत्या करने वाले 4 युवकों को गिरफ्तार किया है। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को रेलवे लाइन पर रख दिया। ट्रेन आने पर बॉडी का सिर धड़ से अलग हो गया था। इनमें से एक आरोपी की लड़की से इंस्टा पर दोस्ती हुई थी। पूरी खबर पढ़ें… 13- ट्रेन लेट होने से परीक्षा छूटी, बस्ती की छात्रा को 9 लाख का हर्जाना मिलेगा बस्ती की छात्रा 7 मई 2018 को नीट परीक्षा देने इंटरसिटी ट्रेन से लखनऊ गई थी। ट्रेन लेट होने की वजह से परीक्षा नहीं दे पाई। छात्रा समृद्धि ने कंज्यूमर फोरम कोर्ट में केस दायर कर दिया। 7 साल बाद फोरम ने रेलवे को दोषी मानते हुए छात्रा को 9.10 लाख रुपए हर्जाना 45 दिनों में भरने का आदेश दिया। वहीं, समय पर हर्जाना नहीं भरने पर राशि पर 12 प्रतिशत ब्याज भी देना होगा। पूरी खबर पढ़ें… 14. झांसी में ननदोई ने अश्लील वीडियो बनाए, महिला फंदे से लटकी झांसी में सोमवार को एक महिला ने फंदे से लटककर जान दे दी। उसका अपने ननदोई से अफेयर चल रहा था। ननदोई झांसी में ही रेलवे में नौकरी करता है। अफेयर के दौरान ननदोई ने महिला का अश्लील वीडियो बना लिया। फिर महिला पर अपने पति से तलाक लेने का दबाव बनाने लगा। बच्चों ने मां को फंदे पर लटका देखा। इसके बाद शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया। पूरी खबर पढ़ें… 15- सोनभद्र में CO की गाड़ी ने महिला को रौंदा, मौत, 15 फीट गहरे गड्ढे में गिरी बोलेरो सोनभद्र में CO की गाड़ी की टक्कर से एक महिला की मौत हो गई। जबकि सीओ और उनके ड्राइवर बुरी तरह से घायल हो गए। दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। महिला अपने पति को खाना देने जा रही थी। तभी डंपर को बचाने के चक्कर में सीओ की गाड़ी ने उसे रौंद दिया। इसके बाद गाड़ी रोड़ किनारे 15 फीट गहरे गड्ढे में पलट गई। महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। पूरी खबर पढ़ें…