अलीगढ़ में मंगलवार सुबह एसडीएम की कार ने एक ई-रिक्शा सवार छात्राओं को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा पलट गया और मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़कर बच्चों को उठाने लगे। हादसे में बच्चों के सिर और हाथ में चोटें आईं। दर्द से बच्चे रोते रहे, लेकिन एसडीएम कार में बैठी रहीं और बाहर नहीं निकली। इसके बाद वह कासगंज के लिए रवाना हो गईं। स्थानीय लोगों ने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक इलाज के बाद अधिकांश बच्चों को घर भेज दिया गया। यह घटना घंटाघर चौराहे के पास हुई। पढ़िए पूरी खबर… गाजीपुर में कोडीन कफ सिरप आरोपी शुभम सिंह पर कार्रवाई, पुलिस ने 1.85 करोड़ की अवैध संपत्ति किया जब्त गाजीपुर पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ आरोपी शुभम सिंह के खिलाफ कार्रवाई की। पुलिस ने आरोपी के करीब 1 करोड़ 85 लाख रुपए की अचल संपत्ति को अस्थायी रूप से फ्रीज कर दिया है। यह कार्रवाई कोडीन कफ सिरप तस्करी से जुड़े एक मामले में SAFEEMA एक्ट के तहत की गई है। पुलिस के अनुसार, यह संपत्ति नशे के अवैध कारोबार से अर्जित धन से खरीदी गई थी। एसपी के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। पढ़ें पूरी खबर… दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर ट्रक में घुसी कार, नोएडा के 4 लोगों की मौत; उज्जैन से लौट रहे थे राजस्थान के दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर आगे चल रहे ट्रक में तेज रफ्तार कार घुस गई। हादसे में कार सवार नोएडा के चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई। ट्रक में कार बुरी तरह फंस गई थी। इसकी वजह से करीब 8 किमी तक ट्रक के साथ कार घिसटती चली गई। हादसा पापड़दा इलाके में एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे हुआ। नांगल राजावतान (दौसा) के DSP दीपक मीणा ने बताया- कार में 5 श्रद्धालु सवार थे। सभी उज्जैन (MP) में महाकाल के दर्शन कर नोएडा लौट रहे थे। मृतकों में नोएडा के रहने वाले राहुल गुप्ता (35), पारस अग्रवाल (35), प्रिंस गुप्ता (23) और विक्रम सिंह (30) शामिल हैं। कार की सबसे पीछे की सीट पर बैठे बृजमोहन गुप्ता को मामूली चोटें आई हैं। पढ़िए पूरी खबर सपा सांसद बोले- संजय निषाद का पूरा खानदान दलाली करता है, राजनीति में आने के लिए मेरे पैरों में पड़कर रोया सुल्तानपुर में सपा के सांसद राम भुआल निषाद ने कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद को लेकर विवादित बयान दिया। गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इस दौरान सपा सांसद राम भुआल निषाद ने कहा, संजय निषाद और उनका पूरा खानदान समाज की दलाली करता है। संजय निषाद मेरा पैर पकड़कर, पैरों में रोकर राजनीति में आया था। उसी समय वह स्थापित हुआ और उसकी जान बची। मेरे पांव में आकर पड़ता था। अब वह खुद को नेता समझने लगा है। मुझे बोलता है। मैं नेता नहीं, वह नेता है। वह और उसका पूरा परिवार समाज की दलाली करता है। यह बात अब समाज और लोग अच्छी तरह समझ चुके हैं। पढ़ें पूरी खबर… मथुरा में बालिका संरक्षण गृह से 5 लड़कियां भागी: चुन्नी से रस्सी बनाकर बिल्डिंग से बाहर आई, 2 लड़कियां पहुंची घर मथुरा के वृंदावन क्षेत्र में महिला आश्रय सदन में स्थित बालिका संरक्षण गृह से 5 लड़कियां भाग गई। स्टाफ को लड़कियों के गायब होने की जानकारी मंगलवार सुबह हुई। इसके बाद संरक्षण गृह में हड़कंप मच गया। पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की जानकारी ली। उसके बाद लड़कियों की तलाश में जुट गई। यहां पढ़ें पूरी खबर मैनपुरी में लूट के दौरान दंपती की गोली मारकर हत्या, बदमाशों की तलाश में चल रही दबिश, मौके पर पहुंचे राज्यमंत्री और डीआईजी मैनपुरी के बरनाहल थाना क्षेत्र के फूलापुर गांव में सोमवार रात एक दंपती की घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान 63 वर्षीय महेश चंद्र शाक्य और उनकी 60 वर्षीय पत्नी अनीता देवी के रूप में हुई है। दंपती अपने गांव के मकान में अकेले रहते थे। उनके दो बेटे ललित और अंकित नोएडा में रहकर नौकरी करते हैं। मंगलवार सुबह जब काफी देर तक दरवाजा नहीं खुला तो लगभग नौ बजे ग्रामीणों ने दीवार पर चढ़कर अंदर झांका। कमरे और आंगन में खून देखकर सभी के होश उड़ गए। सूचना मिलने पर बरनाहल पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा खोलकर अंदर प्रवेश किया। चारपाई पर दंपती के लहूलुहान शव पड़े थे। पढ़िए पूरी खबर फर्रुखाबाद में डंपर की टक्कर से मौसी-भांजे की मौत, 4 लोग घायल, कैंची धाम से दर्शन कर लौट रहा था परिवार फर्रुखाबाद में एक अज्ञात वाहन की टक्कर से मौसी-भांजी की मौत हो गई है। इस हादसे में एक ही परिवार के 4 लोग घायल हो गए। परिवार कैंची धाम से कार से वापस आ रहा था, जिसे एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही दो की मौत हो गई। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घटनास्थल पर मौजूद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने चारों घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे में कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पढ़िए पूरी खबर रामपुर में छोटे भाई ने बड़े भाई को गोली मारी, जमीन विवाद में हुई हत्या रामपुर के बिलासपुर में सोमवार देर रात दो भाइयों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। छोटे भाई ने अपने बड़े भाई को गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना जमीनी विवाद के चलते हुई बताई जा रही है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। यह घटना कोतवाली क्षेत्र के डोहरिया गांव की है। मृतक की पहचान हरमीत सिंह के रूप में हुई है, जो किसान दर्शन सिंह के बेटे थे। गांव के प्रधान ने बताया है कि हरमीत सिंह का अपने छोटे भाई से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। सोमवार रात इसी विवाद के दौरान दोनों में झगड़ा हुआ, जिसके बाद छोटे भाई ने बड़े भाई हरमीत सिंह को गोली मार दी। पूरी खबर पढ़िए मेरठ में पुलिस मुठभेड़ में गौकशी के आरोपी के पैर में मारी गोली, 11 से अधिक मुकदमे हैं दर्ज मेरठ में गणतंत्र दिवस की रात सरूरपुर पुलिस ने गौकशी के एक प्रयास को नाकाम कर दिया। खिवाई के जंगल में हिंडन नदी की पटरी के पास पुलिस से मुठभेड़ में एक शातिर गौकश आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने मौके से एक जिंदा गाय, तमंचा, कारतूस, स्कूटी और गौकशी के उपकरण बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आवेश पुत्र अनीश उर्फ गोला के रूप में हुई है, जो ग्राम रुहासा, थाना दौराला, जनपद मेरठ का निवासी है (वर्तमान में श्यामनगर, थाना लिसाड़ी गेट)। उसकी उम्र लगभग 25 वर्ष बताई गई है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ गौवध अधिनियम, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास सहित 11 से अधिक संगीन मुकदमे विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पढ़िए पूरी खबर फिरोजाबाद में कपड़ा व्यवसायी के घर 4 लाख की नकदी समेत 20 लाख के जेवरात चोरी फिरोजाबाद के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र में एक बंद मकान में लाखों की चोरी हो गई। मकान मालिक कृष्ण कांत पुत्र सुभाष चंद्र 22 जनवरी को अपने परिवार के साथ माता वैष्णो देवी (जम्मू-कश्मीर) के दर्शन के लिए गए थे। घर पर ताला लगा था। मकान कई दिनों तक बंद रहा। सोमवार को वापसी पर जब कृष्ण कांत अपने घर पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि मेन गेट का ताला टूटा हुआ था। अंदर जाकर देखने पर घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियां खुली हुई थीं। पीड़ित ने बताया कि चोर घर से 4 लाख रुपए से अधिक की नकदी और लगभग 20 लाख रुपए के सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पढ़िए पूरी खबर अलीगढ़ में स्पा सेंटर में 7 लड़कियां पकड़ी गईं, बक्से खोलकर पुलिस ने ढूंढा अलीगढ़ में स्पा सेंटर की आड़ में चल रहे सेक्स रैकेट को पुलिस ने पकड़ा है। रविवार शाम को समद रोड स्थित मंगलम कॉम्प्लेक्स में ‘क्लासिक’ और ‘क्लाउड-7’ नाम के दो स्पा सेंटरों पर छापा मारकर 7 युवतियों समेत कुल 14 लोगों को हिरासत में लिया। पुलिस ने स्पा सेंटर के बेड बॉक्स को भी खोलकर देखा, उन्हें शक था कि छापेमारी के दौरान इसमें लड़कियां छिपी हो सकती हैं। सीओ सर्वम सिंह के मुताबिक, पुलिसकर्मी को ग्राहक बनाकर भेजा गया। इसके बाद पूरा मामला सामने आया। पढ़ें पूरी खबर… मेरठ में कपसाड़, ज्वालागढ़ में हटी फोर्स, 8 दिन बाद दोनों गांवों में माहौल सामान्य मेरठ के सरधना थाना क्षेत्र के ज्वालागढ़ और कपसाड़ गांवों में आठ दिन बाद हालात सामान्य होने पर पुलिस फोर्स हटा ली गई है। दोनों गांवों में बीते कई दिनों से तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल और आरएएफ की तैनाती की गई थी, साथ ही आवागमन के रास्ते भी सील कर दिए गए थे। अब स्थिति काबू में होने के बाद फोर्स हटा दी गई है, हालांकि एहतियात के तौर पर कुछ पुलिसकर्मी अभी गांवों के आसपास तैनात हैं, जिन्हें एक-दो दिन में हटा लिया जाएगा। फोर्स हटने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि प्रतिबंधों के चलते उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। ज्वालागढ़ में 5 जनवरी को मुजफ्फरनगर निवासी सोनू कश्यप की हत्या के बाद मामला तूल पकड़ गया था, जबकि कपसाड़ गांव में 8 जनवरी को दलित युवती की मां की हत्या और अपहरण की घटना से तनाव फैल गया था। दोनों ही मामलों में जातीय तनाव की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने धारा 144 लागू कर गांवों को छावनी में तब्दील कर दिया था। पुलिस ने ज्वालागढ़ हत्याकांड का खुलासा कर नाबालिग आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है और जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। वहीं कपसाड़ मामले में आरोपी युवक पारस सोम न्यायिक हिरासत में जेल में है। प्रशासन का कहना है कि दोनों गांवों में अब शांति है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है। पढ़ें पूरी खबर…