मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम एक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। घिरोर रोड नहर पुल के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से यह हादसा हुआ। हादसे के बाद शव करीब आधा घंटे तक सड़क पर पड़ा रहा, जिस दौरान एक दर्जन से अधिक वाहन उसके ऊपर से गुजर गए। बारिश और अंधेरे के कारण वाहन चालकों को सड़क पर पड़े शव का अनुमान नहीं हो सका। लगातार वाहनों के गुजरने से शव पूरी तरह से क्षत-विक्षत हो गया, जिससे मौके पर खून फैल गया और उसकी पहचान करना मुश्किल हो गया। स्थानीय लोगों की नजर जब सड़क पर पड़े क्षत-विक्षत शव पर पड़ी, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी भिजवाया। फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ कर रही है और मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, किसी बड़े वाहन ने व्यक्ति को टक्कर मारी थी, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस का कहना है कि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और कौन सा वाहन इसमें शामिल था, इसकी जांच की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं ताकि वाहन और चालक का पता लगाया जा सके। पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी को मृतक के संबंध में कोई जानकारी हो तो थाना कुरावली में संपर्क करें।