पिंकी की दादी बोलीं- मुझे उसका मुस्कुराता चेहरा याद:2 महीने पहले जौनपुर आई थीं, अजित पवार के साथ प्लेन क्रैश में गई जान

महाराष्ट्र के पुणे में डिप्टी CM अजित पवार के साथ प्लेन क्रैश में जौनपुर की रहने वाली फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली की मौत हो गई। पिंकी अपने पति सोम विंकर सैनी के साथ पुणे में रहती थीं। सोम एल एंड टी कंपनी में इंजीनियर हैं। इस बीच पिंकी का शव परिवार को सौंप दिया गया है। हादसे की खबर लगते ही माता-पिता पुणे पहुंचे। पिता शिवकुमार ने बताया- बेटी के शव को हम पुणे स्थित घर ले आए हैं। यहीं अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिवार के बाकी लोगों को फिलहाल पुणे आने से मना किया है। अंतिम संस्कार के बाद अस्थियों को विसर्जन के लिए बनारस ले जाएंगे। पिंकी के पिता शिवकुमार परिवार के साथ कई साल से मुंबई के वर्ली में रहते हैं। जौनपुर में बाकी परिवार रहता है। पिंकी की मौत की खबर सुनकर जौनपुर स्थित गांव में मातम पसरा हुआ है। 80 साल की बुजुर्ग दादी महाराजी ने सुबकते हुए कहा- मैं तो अपनी बेटी के ससुराल में सुबह मंदिर गई थीं। वहीं गांव के लोगों से हादसे के बारे में पता चला। अपने बेटे (पिंकी के पिता) को फोन किया। वह पुणे में ही था। बहुत रो रहा था। बस इतना ही बोला कि पता नहीं पिंकी कहां चली गई और फोन रख दिया। मेरा बेटा जैसे पागल सा हो गया है। हमारी पोती कितनी खुशमिजाज थी, उसका मुस्कुराता हुआ चेहरा याद आ रहा है। बुढ़ापे में यही दुख देखना बाकी था। बता दें कि बुधवार सुबह 8.45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान अजित पवार का चार्टर्ड प्लेन क्रैश हो गया था। हादसे में अजित पवार, उनके सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और क्रू मेंबर पिंकी माली समेत 5 लोगों की जान गई थी। पवार महाराष्ट्र पंचायत चुनाव के लिए जनसभा को संबोधित करने बारामती जा रहे थे। जौनपुर में पिंकी का घर जिला मुख्यालय से करीब 40 किलोमीटर दूर, केराकत तहसील के भैंसा गांव में है। बुधवार को हुए इस हादसे के करीब 2 घंटे बाद गांव और परिवार के लोगों को टीवी चैनलों के माध्यम से घटना की जानकारी मिली। उन्होंने पिंकी के माता-पिता को कई बार कॉल किया, पर बात नहीं हो सकी। पिता से बात होने के बाद अब परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में हर आंखें नम, देखिए तस्वीरें… ‘थम नहीं रहे आंसू’, परिजन बोले… मिलनसार और पढ़ाई में तेज थी पिंकी- चाचा
पिंकी के चाचा राजकुमार माली ने बताया कि वह बेहद मिलनसार और समझदार लड़की थी। पूरी शिक्षा-दीक्षा मुंबई में ही हुई थी। वह हमारी भतीजी नहीं, बेटी जैसी थी। उसका आना-जाना हमारे घर लगा रहता था। करीब ढाई महीने पहले वह गांव आई थी। ‘दो महीने पहले ही तो हंसते-मुस्कुराते हुए देखा था’
पिंकी के ताऊ चंद्र भूषण माली ने बताया कि करीब दो महीने पहले पिंकी सिर्फ आधे घंटे के लिए गांव आई थी। तब उसको हंसते-मुस्कुराते हुए देखा था। टीवी देखकर हमें हादसे की जानकारी हुई। यकीन नहीं हुआ। भाई और उसकी पत्नी से बात करने की कोशिश की, लेकिन संपर्क नहीं हो पाया। सब मुंबई में रहते हैं, समय मिलने पर गांव आते-जाते रहते हैं। गांव के रहने वाले अशोक सिंह ने बताया कि पिंकी के पिता का गांव से गहरा जुड़ाव था। वे हर साल गांव में दुर्गा पूजा कराते थे और दो महीने पहले भी गांव आए थे। एयर होस्टेस बनने तक का सफर
पिंकी माली के पिता शिव कुमार माली चार भाइयों में दूसरे नंबर के हैं। परिवार के मुखिया और पिंकी के दादा बाबू राम का पिछले साल निधन हो चुका है। पिंकी दो बहनों और एक भाई में सबसे बड़ी थी। बहन प्रीति और भाई करन मुंबई में ही रहते हैं। परिवार के अनुसार, पिंकी ने मुंबई के तुलसी मानक कॉलेज, दादर से इंटरमीडिएट की पढ़ाई की थी। इसके बाद उन्होंने एयर होस्टेस का कोर्स किया। करीब 4 साल तक मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर जॉब की। पिछले 5 साल से चार्टर्ड प्लेन में फ्लाइट अटेंडेंट के रूप में कार्यरत थीं। पिता से आखिरी शब्द- “पापा, आज अजित पवार के साथ फ्लाइट है… आपसे बात कराऊंगी… पिंकी के पिता शिव कुमार मुंबई में टैक्सी चलाते हैं और शिवसेना से भी जुड़े हुए हैं। उन्होंने बताया- मैंने बेटी से हादसे से एक दिन पहले आखिरी बार बात की थी। वह उस वक्त बहुत खुश थी। उसने फोन पर बताया- “पापा, आज अजित पवार के साथ फ्लाइट है… आपसे बात कराऊंगी।” मुझे क्या पता था कि यही हमारी आखिरी बातचीत होगी। अगले ही दिन बुधवार को महाराष्ट्र के डिप्टी मुख्यमंत्री अजित पवार के साथ हुए प्लेन क्रैश में पिंकी की भी मौत हो गई। पिंकी के भाई करन ने बताया- बुधवार सुबह फोन पर पिंकी ने कहा था कि वह बारामती से नांदेड़ जा रही है। इसके बाद उसका कोई मैसेज या कॉल नहीं आया। मां फूट-फूटकर रोईं, कहा- मन घबरा रहा था बेटी की मौत की खबर सुनते ही मुंबई में रह रही पिंकी की मां माया माली बिलख पड़ीं। उन्होंने कहा कि उस दिन उनका मन बहुत घबरा रहा था। उन्हें अंदर से लग रहा था कि कुछ ठीक नहीं है, लेकिन आसपास के लोग उन्हें कुछ साफ-साफ बता नहीं रहे थे। यह बेचैनी लगातार बढ़ती जा रही थी। माया माली ने बताया कि पिंकी रोज सुबह उन्हें फोन करती थी। वह हमेशा कहती थी, “मम्मी, नाश्ता कर लो, दवा खा लो।” उस दिन न तो पिंकी का कोई फोन आया और न ही कोई मैसेज। यही बात उन्हें सबसे ज्यादा खल रही थी, क्योंकि ऐसा पहले कभी नहीं हुआ था। मां ने बताया, पिंकी फ्लाइट अटेंडेंट के तौर पर बड़े नेताओं और अधिकारियों के साथ काम करती थी। वह अजित पवार, देवेंद्र फडणवीस, नारायण राने और उनके बेटे के साथ भी यात्राएं कर चुकी थी। परिवार को उसकी नौकरी पर गर्व था। माया माली ने कहा कि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि विमान हादसा तकनीकी खराबी की वजह से हुआ या किसी और कारण से। वह चाहती हैं कि इस पूरे मामले की गहराई से जांच हो, ताकि सच्चाई सामने आ सके। आखिर में उन्होंने टूटती हुई आवाज में कहा कि उनकी बेटी अब उनके पास नहीं है और वह कभी लौटकर नहीं आएगी। यह नुकसान उनके लिए ऐसा है, जिसे शब्दों में बयां करना मुश्किल है। बलिया में हुई थी पिंकी की शादी भैंसा गांव में रहने वाले शीतला प्रसाद माली पिंकी के चचेरे भाई हैं। उन्होंने बताया कि पिंकी का परिवार पिछले 30-35 साल से मुंबई में रह रहा है। परिवार रोजगार के सिलसिले में वहां बस गया था। करीब दो महीने पहले ही परिवार मुंबई से गांव आया था और कुछ समय साथ में बिताया था। उन्होंने यह भी बताया कि पिंकी की शादी उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में हुई थी। शादी के बाद उसके ससुराल वाले पुणे में रहते हैं। इस हादसे की खबर से गांव और परिवार दोनों में मातम पसरा हुआ है। जानिए कैसे हुआ हादसा
बुधवार सुबह 8.45 बजे बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के दौरान अजित पवार का चार्टर्ड प्लेन क्रैश हो गया। हादसे में अजित पवार, उनके सुरक्षाकर्मी, दो पायलट और क्रू मेंबर पिंकी माली समेत 5 लोगों की जान गई। पवार महाराष्ट्र पंचायत चुनाव के लिए जनसभा को संबोधित करने बारामती जा रहे थे। महाराष्ट्र एविएशन डिपार्टमेंट के मुताबिक, विमान बारामती एयरपोर्ट पर लैंडिंग के लिए अप्रोच कर रहा था। पहली बार में पायलट को रनवे साफ दिखाई नहीं दिया तो वह विमान को दोबारा ऊंचाई पर ले गया। पहली कोशिश नाकाम रहने के बाद बारामती के रनवे-11 पर दोबारा लैंडिंग की कोशिश की गई। इसी दौरान विमान रनवे से फिसलकर क्रैश हो गया। इसके तुरंत बाद उसमें आग लग गई। पढ़ें पूरी खबर प्लेन क्रैश के बाद की तस्वीरें… ————————————— अजित पवार के विमान हादसे से जुड़ी ये खबरें भी पढ़ें… जब वॉशरूम में एक कॉल से बदला पाला:अजित पवार के किस्से, जिन्होंने 6 बार डिप्टी सीएम की शपथ ली; आज प्लेन क्रैश में निधन महाराष्ट्र डिप्टी CM अजित पवार का प्लेन क्रैश, PHOTOS-VIDEOS: लैंडिग के दौरान बारामती में रनवे से फिसला, विमान जलकर खाक