मुजफ्फरनगर में हेलमेट चेकिंग पर पुलिसकर्मी-सभासद में विवाद:सिपाही के निलंबन की मांग की, राज्यमंत्री तक पहुंचा मामला

मुजफ्फरनगर में हेलमेट न पहनने पर एक नगरपालिका सभासद को रोकना पुलिस के लिए भारी पड़ गया। गुरुवार को मेरठ रोड स्थित पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास सिविल लाइन पुलिस चेकिंग कर रही थी। तभी नई मंडी कुकड़ा के सभासद प्रशांत गौतम को रोका गया। सभासद प्रशांत गौतम सदर तहसील जा रहे थे। चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मी ने उनकी बाइक रोकी। कागजात पूरे पाए गए, लेकिन हेलमेट न पहनने पर चालान काटने की तैयारी की गई। सभासद का आरोप है कि इस दौरान पुलिसकर्मी ने उनके साथ बदतमीजी की, जिससे वे भड़क गए। सभासद ने पुलिसकर्मी पर हावी होने का आरोप लगाया और आसपास बिना हेलमेट चल रहे अन्य वाहन चालकों के चालान न काटने पर सवाल उठाए। जब सभासद प्रशांत गौतम ने अपना परिचय दिया, तो मामला और गरमा गया। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस चलती रही। सभासद ने अन्य पार्षदों को मौके पर बुला लिया, जिनके पहुंचने पर हंगामा बढ़ गया। पार्षदों के दबाव के बाद पुलिसकर्मी ने सभासद का चालान नहीं काटा। इसके बाद सभासदों ने राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल को फोन पर पूरी घटना की जानकारी दी और संबंधित पुलिसकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। दूसरी ओर, पुलिसकर्मी ने भी अपने उच्च अधिकारियों को मामले से अवगत करा दिया है।