लखनऊ पुलिस लाइन में राष्ट्रधुनों के बीच उतारा तिरंगा:ATS कमांडो-PAC बैंड रहे अव्वल, बीटिंग द रिट्रीट में राज्यपाल ने सम्मानित किया

गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर कार्यक्रमों की श्रृंखला का औपचारिक समापन गुरुवार को लखनऊ रिजर्व पुलिस लाइन में बीटिंग द रिट्रीट समारोह के साथ हुआ। गरिमामय समारोह की मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल रहीं। राष्ट्रध्वज को सम्मानपूर्वक उतारने और देशभक्ति धुनों के बीच प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। समारोह में सेना, पीएसी, होमगार्ड, पुलिस और स्कूलों की मार्चिंग, बैंड टुकड़ियों ने अनुशासन, तालमेल और संगीत के अद्भुत संगम का प्रदर्शन किया। मिलिट्री बैंड पाइप एवं ड्रम्स की टुकड़ी ने तीन स्टाइल में प्रस्तुति दी, जबकि आर्मी पाइप एवं ड्रम्स बैंड ने छह स्टाइल में प्रदर्शन कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। वंदे मातरम्, सारे जहां से अच्छा जैसी राष्ट्रधुनों पर मास बैंड की प्रस्तुति समारोह का खास आकर्षण रही। 2 तस्वीरें देखिए… राजभवन स्कूल और होमगार्ड बैंड ने बटोरा विशेष ध्यान
जनभवन (राजभवन) स्कूल की ब्रास बैंड टुकड़ी ने चार स्टाइल में शानदार प्रस्तुति देकर सभी का ध्यान खींचा। वहीं होमगार्ड मुख्यालय लखनऊ की ब्रास बैंड टुकड़ी और आर्मी मिलिट्री बैंड ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया। अंतिम चरण में मास बैंड द्वारा दी गई सामूहिक प्रस्तुति ने समारोह को यादगार बना दिया। राष्ट्रीय ध्वज राज्यपाल को सौंपा गया, डीजीपी को किया सुपुर्द
परिसमाप्ति समारोह के उपरांत राष्ट्रीय ध्वज को विधिवत उतारकर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल को सौंपा गया। राज्यपाल ने ध्वज को पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कृष्णा को सौंपते हुए गणतंत्र दिवस समारोह के औपचारिक समापन की घोषणा की। इस अवसर पर पूरा परिसर देशभक्ति के भाव से ओत-प्रोत दिखाई दिया।

परेड कमांडर मेजर ओंकार निशांत के नेतृत्व में हुआ सम्मान वितरण
परेड कमांडर मेजर ओंकार निशांत के नेतृत्व में आयोजित परेड के दौरान विभिन्न श्रेणियों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली मार्चिंग और बैंड टुकड़ियों को सम्मानित किया गया। मिलिट्री कैटेगरी में बेस्ट मार्चिंग कंटिंजेंट का प्रथम स्थान 6/11 गोरखा राइफल्स और द्वितीय स्थान 16 राजपूत को मिला। बेस्ट बैंड कंटिंजेंट में जाट/सिख लाइट इन्फैंट्री प्रथम और 6/11 व 3/5 गोरखा राइफल्स की संयुक्त टुकड़ी द्वितीय स्थान पर रही।
एटीएस कमांडो और पीएसी बैंड रहे अव्वल
पैरा मिलिट्री, पुलिस, होमगार्ड और पीएसी श्रेणी में एटीएस कमांडो ने बेस्ट मार्चिंग कंटिंजेंट का प्रथम स्थान हासिल किया। यूपी होमगार्ड महिला टुकड़ी द्वितीय और पीएसी आरडी पुरुष टुकड़ी तृतीय स्थान पर रही। बैंड श्रेणी में पीएसी 35 की पाइप बैंड टुकड़ी को प्रथम, पीएसी 32 को द्वितीय और पीएसी आरडी ब्रास बैंड को तृतीय स्थान प्रदान किया गया। लिस्ट देखिए…
स्कूल, एनसीसी और स्काउट-गाइड में दिखा जोश
स्कूल, एनसीसी और स्काउट-गाइड श्रेणी में बालक वर्ग में स्काउट एंड गाइड (फ्लैग मार्च) प्रथम और सीएमएस गोमतीनगर विस्तार द्वितीय स्थान पर रहा। बालिका वर्ग में सीएमएस अलीगंज ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। राजकीय स्कूलों में बेस्ट मार्च पास्ट और बेस्ट बैंड श्रेणियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टुकड़ियों को सम्मानित किया गया। झांकियों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों को भी मिला सम्मान
गणतंत्र दिवस परेड में द्वितीय स्थान प्राप्त जन भवन की झांकी को बीटिंग द रिट्रीट समारोह में ट्रॉफी प्रदान की गई। विभागीय झांकियों में प्रथम स्थान लखनऊ विकास प्राधिकरण, द्वितीय जन भवन और तृतीय सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को मिला। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सिटी मॉन्टेसरी स्कूल राजाजीपुरम प्रथम स्थान पर रहा।