सीतापुर के सदरपुर थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया। कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों ने शव रखकर जमकर हंगामा किया। दहेज उत्पीड़न और हत्या के आरोपों को लेकर मृतका के परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के पति और सास को गिरफ्तार कर लिया है। मृतका के भाई शिवम ने थाना सदरपुर में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि उसकी बहन की शादी को अभी दो वर्ष भी पूरे नहीं हुए थे। शादी में परिजनों ने अपनी हैसियत के अनुसार दान-दहेज दिया था, इसके बावजूद ससुराल पक्ष द्वारा लगातार 10 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की जा रही थी। आरोप है कि मांग पूरी न होने पर मृतका के साथ मारपीट और मानसिक प्रताड़ना की जाती थी। 29 जनवरी की शाम उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। इस मामले में थाना सदरपुर में एफआईआर दर्ज की गई है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शुक्रवार देर शाम महमूदाबाद–सेमरी रोड स्थित सेमरी चौराहे पर महमूदाबाद–रेउसा हाईवे जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने “न्याय दो” और “पुलिस प्रशासन मुर्दाबाद” के नारे लगाए। सूचना पर महमूदाबाद, चांदपुर, रामपुर मथुरा और सदरपुर थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला। क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में मृतका के पति और सास को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद हंगामा खत्म कर दिया। परिजनों के अनुसार शव का अंतिम संस्कार शनिवार सुबह किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि विवेचना निष्पक्ष रूप से जारी है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।