कानपुर के महाराजगंज जेल में बंद भू माफिया गजेंद्र सिंह नेगी व उसकी पत्नी व मैनेजर सहित स्टॉफ पर पुलिस ने गेस्ट हॉउस बुकिंग के नाम पर लाखों रुपये हड़पने का मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने मुकदमा दर्जकर मामले की जांच पड़ताल मे जुट गई है। रावतपुर थाना क्षेत्र के विनायकपुर निवासी अशोक श्रीवास्तव ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उन्होंने बेटी के विवाह समारोह के लिए केशवपुरम स्थित होटल नेगी ग्रैंड को 15 व 16 नवंबर 2025 के लिए बुक कराया था। इसके एवज में 31 मार्च 2025 को होटल मालिक गजेंद्र सिंह नेगी को 3.50 लाख रुपये अग्रिम के रूप में दिए गए थे। बाद में होटल और उसके मालिक से जुड़े विवादों की खबरें सामने आने पर उन्होंने होटल मालिक की पत्नी प्रीति बाजपेयी से संपर्क किया। आरोप है कि प्रीति बाजपेयी ने होटल का पूरा प्रबंधन अपने हाथ में होने और विवाह समारोह धूमधाम से कराने का भरोसा दिलाया। उनके आश्वासन पर विश्वास कर प्रार्थी ने 3 नवंबर 2025 को 1.50 लाख और 7 नवंबर 2025 को 2.50 लाख रुपये नकद दिए। इसके बाद भोजन व्यवस्था और अन्य खर्चों के नाम पर 4 लाख रुपये कैटरिंग के लिए लिए गए, लेकिन इसकी कोई रसीद नहीं दी गई। 13 नवंबर 2025 को उसे जानकारी मिली कि होटल नेगी ग्रैंड में विवाद के चलते कुछ लोगों ने लॉन पर कब्जा कर लिया है और होटल में तोड़फोड़ भी की गई है। जब इस संबंध में प्रीति बाजपेयी से संपर्क किया गया तो उन्होंने स्पष्ट रूप से कह दिया कि अब होटल में विवाह समारोह नहीं हो सकता।जब जमा धनराशि 11.50 लाख वापस मांगी तो प्रीति बाजपेयी, होटल मैनेजर और स्टाफ ने धमकाते हुए पैसा वापस करने से इनकार कर दिया। एसीपी कल्याणपुर आशुतोष कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्जकर जांच की जा रही है। गेस्ट हॉउस बुकिंग के नाम पर पैसा लिया गया था। मामले मे जांच कर कार्रवाई की जायेगी।