सहारनपुर में दबंग युवक से दहशत:तमंचा लहराने, मारपीट का वीडियो वायरल, पुलिस पर कार्रवाई न करने का आरोप

सहारनपुर के थाना मंडी क्षेत्र स्थित मोहल्ला मूंगागढ़ वाल्मीकि बस्ती के निवासियों ने एक युवक की कथित दबंगई से परेशान होकर शुक्रवार को एसएसपी को शिकायत पत्र सौंपा है। दर्जनों लोगों ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने अपनी और अपने परिवार की जान को खतरा बताया है। शिकायतकर्ताओं में पप्पू पुत्र श्यामलाल निवासी मूंगागढ़ ने आरोप लगाया कि मोहल्ले का ही सौरभ नामक युवक दबंग प्रवृत्ति का है। वह क्षेत्र में लोगों को लगातार धमकाता रहता है। पीड़ित के अनुसार, आरोपी खुद को ‘गुंडा’ बताकर दहशत फैलाता है और विरोध करने वालों को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देता है। शिकायत पत्र में यह भी बताया गया है कि आरोपी ने कथित तौर पर कई बार रंगदारी मांगी और परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ितों का आरोप है कि पूर्व में की गई शिकायत के बाद से आरोपी उनसे रंजिश रखने लगा है। पप्पू ने पुलिस को बताया कि 27 जनवरी 2026 की रात करीब 8:19 बजे उन्हें एक मोबाइल नंबर से कॉल आई। इस दौरान गाली-गलौज करते हुए उन्हें सड़क पर गोली मारने की धमकी दी गई। मोहल्लेवासियों ने आशंका जताई है कि आरोपी कुछ असामाजिक तत्वों के साथ मिलकर काम करता है, जिससे खतरा और बढ़ गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी के कई वीडियो भी वायरल हुए हैं। इन वीडियो में वह तलवार और अन्य हथियारनुमा वस्तु लेकर सरेआम मारपीट करता दिखाई दे रहा है। एक वीडियो में उसे जिला अस्पताल की इमरजेंसी में घुसकर एक युवक को पीटते हुए दिखाया गया है। पीड़ितों का आरोप है कि पुलिस को इन घटनाओं से अवगत कराने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। शुक्रवार को पुलिस लाइन पहुंचे महिला-पुरुषों ने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो किसी बड़ी अनहोनी की आशंका है। उन्होंने विशेष रूप से त्योहारों के दौरान तनाव बढ़ने की संभावना जताई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू करने की बात कही है।