लखनऊ के ठाकुरगंज इलाके के बसंतकुंज योजना में शुक्रवार दोपहर एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। बसंतकुंज योजना निवासी विवेक त्रिपाठी आईआईएम दिल्ली में कार्यरत हैं। उनकी पत्नी सोनाली (30) अपनी 9 वर्षीय बेटी विस्ता के साथ बसंतकुंज में रहती थीं। परिजनों के मुताबिक शुक्रवार सुबह बेटी स्कूल चली गई थी और घर में सोनाली अकेली थीं। इसी दौरान उन्होंने दुपट्टे का फंदा बनाकर पंखे के सहारे फांसी लगा ली। दोपहर में मोबाइल कॉल रिसीव न होने पर विवेक त्रिपाठी ने पड़ोसी से घर जाकर देखने को कहा। दरवाजा खुलने पर कमरे में सोनाली का शव फंदे से लटकता मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। रिश्तेदार लवकुश त्रिपाठी ने बताया कि सोनाली का आगरा स्थित मेंटल हॉस्पिटल में इलाज चल रहा था। वह पिछले कई दिनों से डिप्रेशन में थीं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।