बेगम पुल मुख्य बाजार में ट्रैफिक बदहाल:नो-स्टॉप जोन में खुलेआम सवारी बैठा रहे ई-रिक्शा

मेरठ में शुक्रवार को सबसे व्यस्त इलाकों में शामिल बेगम पुल मुख्य बाजार में ट्रैफिक की अव्यवस्था साफ नजर आई। मुख्य चौराहे से मात्र 50–60 कदम की दूरी पर स्थित सेठ ऊन चौराहे पर टेम्पो और ई-रिक्शा चालक खुलेआम सवारियां बैठाते दिखे, जबकि यह क्षेत्र नो-पार्किंग और नो-स्टॉप जोन के अंतर्गत आता है। आरोप है कि ट्रैफिक पुलिस न तो इन वाहनों पर लगाम लगा पा रही है और न ही अपने ही आदेशों का पालन कराने में सफल हो रही है। इसका नतीजा यह है कि तिलक रोड, न्यू मार्केट और मुख्य मार्ग पर दिनभर जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आमजन और व्यापारी दोनों परेशान हैं। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि स्थिति अब और भी गंभीर होती जा रही है। टेम्पो-ई रिक्शा चालक सवारियों, विशेषकर महिला यात्रियों, और दुकानदारों से अभद्र भाषा व अमर्यादित व्यवहार पर उतर आते हैं, जिससे बाजार का माहौल खराब हो रहा है। पूर्व अध्यक्ष बेगम पुल व्यापार संघ पुनीत शर्मा ने वरिष्ठ अधिकारियों से विनम्र निवेदन किया है कि इस समस्या पर तत्काल संज्ञान लेते हुए ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था सुधरे और बाजार में शांति व सुरक्षा बनी रहे।