लखनऊ में शुक्रवार को बड़े स्तर पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। 4th बीएन एसएसबी कैंप में एनडीआरएफ, जिला प्रशासन और जनपद स्तरीय विभागों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्यों का प्रदर्शन किया। संभावित भूकंप जैसी आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने और विभिन्न एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ड्रिल की गई। 30 जनवरी 2026 को मॉक ड्रिल में तहसील मोहनलालगंज क्षेत्र में भूकंप आने से कई इमारतों के ढहने और उनमें आग लगने की परिकल्पना की गई। मलबे में लोगों के फंसे होने की सूचना जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर/कंट्रोल रूम को सुबह 10:49 बजे प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही कंट्रोल रूम से खोज, बचाव और चिकित्सा उपचार से जुड़ी नोडल एजेंसियों को अलर्ट किया गया। NDRF ने दिखाया हाई-टेक रेस्क्यू का लाइव प्रदर्शन
घटनास्थल पर पहुंची एनडीआरएफ (11वीं बटालियन), एसडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमों ने मलबे में फंसे घायलों का रेस्क्यू किया। आधुनिक कटर, सेंसर और खोज उपकरणों की मदद से लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। घायलों को प्राथमिक उपचार देकर एम्बुलेंस के माध्यम से नजदीकी अस्पताल भेजा गया। सभी घायलों और प्रभावित व्यक्तियों का विवरण तहसील मोहनलालगंज की राजस्व टीम द्वारा संकलित किया गया। ‘गोल्डन ऑवर’ में उपचार पर दिया गया विशेष जोर
अभ्यास के दौरान ‘गोल्डन ऑवर’ प्रबंधन को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। मलबे से निकाले गए घायलों को पहले एक घंटे के भीतर प्राथमिक उपचार देकर सुरक्षित अस्पताल पहुंचाने की पूरी प्रक्रिया का सफल रिहर्सल किया गया, ताकि वास्तविक आपदा की स्थिति में जनहानि को न्यूनतम किया जा सके। प्रशासनिक नेतृत्व में हुआ अंतर-एजेंसी समन्वय
इस मॉक ड्रिल का फील्ड नेतृत्व एनडीआरएफ के उप कमांडेंट श्री अनिल कुमार पाल और निरीक्षक समजीत यादव ने किया। अधिकारियों ने बताया कि अभ्यास का मुख्य उद्देश्य विभिन्न विभागों के बीच इंटर-एजेंसी को-ऑर्डिनेशन को मजबूत करना है, ताकि वास्तविक आपदा के समय बिना किसी भ्रम के राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया जा सके। कई विभागों और स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी मॉक ड्रिल में उपसेनानायक सशस्त्र सीमा बल, एनडीआरएफ के अधिकारी, तहसीलदार मोहनलालगंज, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, जिला आपदा विशेषज्ञ, अग्निशमन विभाग, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक, पुलिस, सिविल डिफेंस स्वयंसेवक और आपदा मित्रों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।