झांसी में पिता की तेरहवीं के अगले दिन बेटे ने सुसाइड कर लिया। वह खेतों की तरह गया और वहां 80 फीट गहरे कुएं में कूद गया। कुएं में लगभग 50 फीट पानी था। मोटर लगाकर कुएं को खाली किया गया। लगभग 10 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लाश बरामद हो सकी। मृतक के भाई ने कहा- पिता की बीमारी में 6 लाख रुपए का कर्ज हो गया था। इसी वजह से भाई सदमे में था और उसने जान दे दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दी है। पूरा मामला समथर थाना क्षेत्र के खूजा गांव का है।
अब पूरा मामला विस्तार से पढ़िए दो साल से पिता बीमार थे मृतक का नाम उदयभान अहिरवार (45) पुत्र वृंदावन अहिरवार था। वह समथर के खूजा गांव का रहने वाला था। मृतक के भाई रामप्रसाद अहिरवार ने बताया- मेरा बड़ा भाई उदनभान खेती किसानी और मजदूरी करता था। पिछले दो साल से पिता बीमार थे। उनके खर्च में लाखों रुपए लग गए। भाई समूहों का पैसों इलाज में लगाता रहा। लगभग 6 लाख रुपए का कर्ज मेरे भाई के ऊपर हो गया था। लेकिन 16 जनवरी को अचानक पिता की मौत हो गई। इसका भाई को गहरा सदमा लगा। 28 जनवरी को भाई ने पिता की तेरहवीं कराई। कर्ज की वजह से भाई बहुत परेशान थे और पिता की मौत के बाद से वो अनमने रहने लगे थे। महिलाओं ने घर आकर सूचना दी रामप्रसाद ने आगे बताया- पिता की तेरहवीं के अगले दिन सुबह रिश्तेदार अपने घर जाने की तैयारी कर रहे थे। सुबह लगभग 6 बजे भाई उदनभान खेतों की तरफ चले गए। वहां जाकर कुएं में कुद गए। महिलाओं ने आवाज सुनी तो घर आकर बताया कि कोई कुएं में कूद गया। पता किया तो भाई उदयभान घर पर नहीं थे। कुएं लगभग 80 फीट गहरा है और उसमें लगभग 50 फीट पानी था। पहले लोहे का कांटा कुएं में डाला गया, मगर सफलता नहीं मिली। इसके बाद मोटर लगाकर पानी निकाला गया। देर शाम को कुआं खाली होने पर शव नजर आया। इसके बाद रस्सी से बांधकर उदयभान के शव को बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया था। अब पंचनामा भरकर शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। मौत के बाद घर में मातम छाया उदयभान की मौत के बाद घर में मातम छाया है। उदयभान का एक बेटा पंकज (25) व दो बेटी कौशल्या (22) और सुंदरी (20) है। पंकज और कौशल्या की शादी हो चुकी है। जबकि भाई बेटी के लिए रिश्ता ढूंढ़ रहे थे। पति की मौत के बाद पत्नी अनीता का रो रोकर बुरा हाल है। समथर थाना प्रभारी अतुल कुमार राजपूत ने बताया कि पंचनामा भरकर शव का आज पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।