कानपुर मेट्रो की रफ्तार बढ़ी:अन्डर ग्राउंड टनल और अप-लाइन’ ट्रैक तैयार, जल्द सेंट्रल स्टेशन से नौबस्ता तक दौड़ेगी मेट्रो

कानपुर मेट्रो रेल परियोजना के कॉरिडोर-1 (आईआईटी–नौबस्ता) पर एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। कानपुर सेंट्रल से स्वदेशी कॉटन मिल रैम्प के बीच अंडरग्राउंड ‘अप-लाइन टनल’ में ट्रैक निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। इसके साथ ही अब कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक ‘अप-लाइन’ का ट्रैक पूरी तरह तैयार हो गया है और शीघ्र ही इस पर मेट्रो ट्रेनों की टेस्टिंग प्रक्रिया शुरू की जाएगी। यूपीएमआरसी अधिकारियों के अनुसार, कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक लगभग 8 किमी लंबे शेष सेक्शन में कुल 7 स्टेशन शामिल हैं। इसमें लगभग 3 किमी हिस्सा अंडरग्राउंड और 5.30 किमी हिस्सा एलिवेटेड है। बारादेवी से नौबस्ता तक एलिवेटेड सेक्शन में दोनों लाइनों पर ट्रैक निर्माण, थर्ड रेल और सिग्नलिंग उपकरणों की स्थापना पहले ही पूरी की जा चुकी है। अंडरग्राउंड सेक्शन में स्वदेशी कॉटन मिल रैम्प के माध्यम से रेल पटरियों को टनल में उतारकर वेल्डिंग और ट्रैक स्लैब निर्माण कार्य किया गया। साथ ही थर्ड रेल इंस्टॉलेशन का कार्य भी अंतिम चरण में है। यूपीएमआरसी के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार ने इसे परियोजना की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि शेष सिस्टम इंस्टॉलेशन पूरा होते ही कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक मेट्रो सेवाओं की दिशा में तेजी से आगे बढ़ा जाएगा।