बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री को पुलिस ने उठाया:नवाबगंज थाने में अधिवक्ताओं का हंगामा, पुलिस कमिश्नर समेत 10 थानों का फोर्स पहुंचा

कानपुर पुलिस ने बार एसोसिएशन के पूर्व महामंत्री राकेश तिवारी को एक पुराने मामले में पूछताछ के लिए उठा लिया। अधिवक्ता की गिरफ्तारी की जानकारी मिलते ही बार एसोसिएशन के महामंत्री अमित सिंह समेत सैकड़ों अधिवक्ता नवाबगंज थाने में धरने पर बैठ गए । पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। हंगामे की जानकारी पर पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल समेत अन्य आलाधिकारी और करीब 10 थानों का फोर्स मौके पर पहुंच गया। 2 तस्वीरें देखिए… पूछताछ के लिए पुलिस लेकर गई थी, हंगामा शनिवार शाम करीब 5 बजे नवाबगंज पुलिस पूर्व महामंत्री राकेश तिवारी को एक पुराने मामले में पूछताछ के लिए थाने लेकर पहुंची थी। जिसके बाद सैकड़ों की संख्या में अधिवक्ता थाने पहुंचे और पुलिस पर गलत कार्रवाई का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। अधिवक्ता थाने के बाहर धरने पर बैठ गए और पूर्व महामंत्री को न छोड़ने पर आंदोलन की चेतावनी दी। 10 थानों का फोर्स और पीएसी बुलाई गई हंगामे की जानकारी पर पुलिस कमिश्नर मौके पर पहुंचे और पूर्व महामंत्री से पूछताछ शुरू की। शाम ढलते-ढलते थाने के बाहर अधिवक्ताओं की भीड़ बढ़ती चली गई। जिसके बाद कोहना, कल्याणपुर, रावतपुर, स्वरूप नगर, कर्नलगंज, ग्वालटोली समेत करीब 10 थानों का फोर्स व पीएसी बल की तैनाती कराई गई। करीब 4 घंटे बीतने के बाद भी थाने में अधिवक्ताओं की नारेबाजी जारी है।