कौशांबी में युवक वंदे भारत के आगे कूदा, मौत:घर से नाराज होकर निकला था, पुलिस जांच में जुटी

कौशांबी में शनिवार देर शाम एक युवक ने वंदे भारत ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। यह घटना कोखराज थाना क्षेत्र के नौडिया गांव के पास हुई। बताया जा रहा है कि युवक घर में किसी बात को लेकर परेशान था। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतक की पहचान कुलदीप उर्फ ननका सिंगरौर (30) पुत्र महेश सिंह के रूप में हुई है। वह मूल रूप से मंझनपुर कोतवाली क्षेत्र के अम्माय गांव का निवासी था, लेकिन पिछले कई वर्षों से अपने ननिहाल नौडिया गांव में रह रहा था। शनिवार शाम कुलदीप घर से किसी बात पर नाराज होकर निकला था। नौडिया गांव के पास हावड़ा-दिल्ली मेल लाइन पर प्रयागराज से दिल्ली की ओर जा रही वंदे भारत ट्रेन के आगे कूदकर उसने अपनी जान दे दी। घटना की सूचना पर जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो उन्होंने कुलदीप की पहचान की। इसके बाद परिजन भी रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंचे। ट्रेन के लोको पायलट ने घटना की जानकारी भरवारी स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन मास्टर की सूचना पर आरपीएफ पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल की। आरपीएफ ने दुर्घटना की जानकारी भरवारी चौकी पुलिस को दी। भरवारी चौकी पुलिस ने शव का पंचनामा करने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अब परिजनों से बातचीत कर आत्महत्या के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।