राजेश कुमार वर्मा बने बरेली के सिटी मजिस्ट्रेट:अलंकार अग्निहोत्री के इस्तीफे के बाद खाली हुई कुर्सी भरी, जालौन से भेजे गए बरेली

उत्तर प्रदेश शासन ने बरेली के प्रशासनिक अमले में बड़ा बदलाव किया है। 26 जनवरी से खाली चल रहे सिटी मजिस्ट्रेट के पद पर अब राजेश कुमार वर्मा की तैनाती की गई है। जालौन में अपनी सेवाएं दे रहे राजेश वर्मा को तत्काल प्रभाव से बरेली भेजा गया है।
गौरतलब है कि पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट अलंकार अग्निहोत्री के पद छोड़ने के बाद से यह महत्वपूर्ण कुर्सी खाली पड़ी थी। शासन ने शहर की कानून व्यवस्था और प्रशासनिक कार्यों को गति देने के लिए राजेश वर्मा के अनुभव पर भरोसा जताया है। इस्तीफे के पीछे का विवाद: यूजीसी नियम और प्रयागराज की घटना बनी थी वजह
शहर के पूर्व सिटी मजिस्ट्रेट और पीसीएस अधिकारी अलंकार अग्निहोत्री का इस्तीफा प्रदेश भर में चर्चा का विषय बना रहा। वे यूजीसी (UGC) के नियमों में हुए हालिया बदलावों से असंतुष्ट थे।
इसके अलावा, प्रयागराज में शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद और बटुकों के साथ हुई मारपीट की घटना ने उन्हें काफी आहत किया था। इस घटना के प्रति अपना विरोध और नाराजगी जताते हुए उन्होंने प्रशासनिक सेवा से किनारा कर लिया था, जिसके बाद से ही नए नाम को लेकर कयास लगाए जा रहे थे।