ट्रेन में चढ़ते समय बुजुर्ग का पैर फिसला, मौत:बुलंदशहर के चोला स्टेशन पर हुआ हादसा, इलाज के दौरान तोड़ा दम

बुलंदशहर के खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के रूपवास पचगाई निवासी 60 वर्षीय कांति पुत्र हरकिशन की ट्रेन में चढ़ते समय पैर फिसलने से मौत हो गई। यह घटना रविवार को चोला स्टेशन पर हुई, जब वह टूंडला से गाजियाबाद जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में सवार हो रहे थे। जानकारी के अनुसार, कांति पुत्र हरकिशन रोजाना अपने गांव रूपवास पचगाई से नोएडा स्थित एक निजी कंपनी में नौकरी करने जाते थे। रविवार को टूंडला से गाजियाबाद जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में चढ़ते समय उनका पैर फिसल गया, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। चोला स्टेशन मास्टर ने तत्परता दिखाते हुए 108 एंबुलेंस को बुलाया। एंबुलेंस कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंची और घायल कांति को तुरंत बुलंदशहर के जिला अस्पताल ले जाया गया। कांति को शाम 6:15 बजे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान शाम 7:20 बजे उन्होंने दम तोड़ दिया। कांति पुत्र हरकिशन काफी समय से गाजियाबाद में रह रहे थे। उनकी दो बेटियां और दो बेटे हैं। बेटियों की शादी के बाद वह अपने गांव रूपवास पचगाई में ही रह रहे थे। उनके दोनों बेटे अभी पढ़ाई कर रहे हैं। परिजनों ने जीआरपी खुर्जा जंक्शन चौकी या खुर्जा देहात पुलिस को सूचित किए बिना ही शव को बिना पोस्टमार्टम कराए घर ले गए। जीआरपी खुर्जा जंक्शन चौकी प्रभारी अरविंद चौधरी ने बताया कि घटना की जानकारी परिजनों या स्टेशन मास्टर द्वारा खुर्जा चौकी पर नहीं दी गई थी। परिजनों ने अपनी मर्जी से शव को बिना पोस्टमार्टम के घर ले जाना स्वीकार किया है।