सोनभद्र में सपा कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय बजट का विरोध किया:रॉबर्ट्सगंज में महंगाई, बेरोजगारी को लेकर प्रदर्शन

सोनभद्र में समाजवादी पार्टी (सपा) कार्यकर्ताओं ने रॉबर्ट्सगंज के स्वर्ण जयंती चौक पर केंद्रीय बजट के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने सीटी बजाकर अपना विरोध जताया और इस बजट को किसान, नौजवान, व्यापारी तथा महिला विरोधी करार दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सोनभद्र के कार्यकर्ता इस बजट का विरोध करते हैं, क्योंकि यह बढ़ती महंगाई और घटते रोजगार का कारण बन रहा है। यादव ने बताया कि बजट से पहले ही कमर्शियल गैस सिलेंडर 50 रुपये महंगा हो गया, जिससे महंगाई लगातार बढ़ रही है। प्रमोद यादव ने घरेलू गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों, किसानों की परेशानी, महिलाओं की मुश्किलों और चौपट होते व्यापार का भी जिक्र किया। उन्होंने सवाल उठाया कि घरेलू महिलाएं रसोई का बजट कैसे चलाएंगी, जब आटा, चावल, दाल और सरसों का तेल 200 रुपये प्रति किलो तक महंगा हो गया है। उन्होंने बजट को जनविरोधी और काला बजट बताते हुए आरोप लगाया कि यह केवल 5 प्रतिशत उद्योगपतियों को खुश करने वाला है, जनता को नहीं। यादव ने स्वास्थ्य सुविधाओं पर भी सवाल उठाए और कहा कि सरकार स्वास्थ्य की बात करती है, लेकिन अभी तक यहां ट्रामा सेंटर खोलने का काम नहीं किया गया है। उन्होंने रेलवे किराए में वृद्धि और लगातार हो रहे जनविरोधी कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार जनता को केवल ‘लॉलीपॉप’ देने का काम कर रही है। सपा नेता मनीष त्रिपाठी ने कहा कि किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई है, और महिलाएं आटा, चावल, दाल, पेट्रोल-डीजल की महंगाई से परेशान हैं। अल्पसंख्यक सभा के जिला उपाध्यक्ष जुनैद अंसारी ने दवा और शिक्षा की बढ़ती कीमतों पर चिंता जताई और कहा कि युवा बेरोजगारी की कगार पर हैं। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और आशा बहनों के मानदेय में वृद्धि न होने का भी मुद्दा उठाया। इस मौके पर गीता भारती, कल्याणी भारती, पूर्व नगर उपाध्यक्ष सुरेश अग्रहरि, राजेश यादव, अमरजीत, विंद गणेश खरवार सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।