चित्रकूट शहर के शंकर बाजार में रविवार शाम बम धमाका हुआ। इस घटना में चंदन नामक एक युवक घायल हो गया। धमाका रात करीब 8:40 बजे हुआ, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। तेज आवाज के साथ हुए इस धमाके से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। घायल युवक चंदन को आसपास के लोगों की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। यह घटना सुधीर अग्रवाल के घर के ठीक सामने हुई है। इस वारदात के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं, जिसमें पत्रकार को डराने या किसी साजिश का हिस्सा होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस संबंध में कोई पुष्टि नहीं की है। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक श्याम प्रताप ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है और वे स्वयं मौके पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की तलाश में जुट गई है। घटना के बाद शंकर बाजार और आसपास के इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।