बागपत के छपरौली थाना क्षेत्र में बधाई मांगने को लेकर किन्नरों के दो गुटों के बीच जमकर संघर्ष हुआ। इस घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जिसे स्थानीय लोगों ने शांत कराया। पुलिस ने एक पक्ष की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता चांदनी किन्नर ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि वह अपने साथियों के साथ अपने क्षेत्र में बधाई मांगने गई थीं। तभी दूसरे पक्ष के चार से अधिक किन्नर वहां आ गए और उनके साथ बदसलूकी करने लगे। इसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इस मारपीट में चांदनी किन्नर के पक्ष के कई लोग घायल हुए हैं। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे मामले की छानबीन कर रही है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें किन्नरों के दोनों गुटों को एक-दूसरे से भिड़ते और हमला करते देखा जा सकता है। पुलिस फिलहाल मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।