प्रयागराज में आयोजित अब्बास-राय मीडिया प्रीमियर लीग (MPL) क्रिकेट प्रतियोगिता का दूसरा दिन रविवार बड़े उलटफेर और शानदार प्रदर्शन के नाम रहा। लीग मुकाबलों में सीडीए पेंशन थंडर स्ट्राइक और इनविजिबल टाइटंस ने अपने-अपने मैच जीतकर अंक तालिका में पूरे अंक हासिल किए।
दिन के पहले मुकाबले में सीडीए पेंशन थंडर स्ट्राइक ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 3 विकेट खोकर 178 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। आलोक झा ने 45, आयुष तिवारी ने 38 और इंद्रेश कुमार ने 33 रनों का योगदान दिया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीए प्रयागराज की टीम दबाव में दिखी और 20 ओवर में केवल 130 रन ही बना सकी। अक्षत टंडन ने सर्वाधिक 28 रन बनाए। थंडर स्ट्राइक के मुन्ना कुमार और संजय ने 2-2 विकेट लेकर विपक्षी टीम की बल्लेबाजी को ध्वस्त कर दिया। शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए आलोक झा को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया। दूसरे मैच में इनविजिबल टाइटंस का मुकाबला एनसीआर ऑफिसर्स से हुआ। टाइटंस ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 18.3 ओवर में 178 रन बनाए। अमन शास्त्री ने ताबड़तोड़ 60 रनों की पारी खेली, जबकि अभय सिंह ने 39 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। एनसीआर की ओर से जगजीत तापड़िया ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके। जवाब में, एनसीआर ऑफिसर्स की शुरुआत धीमी रही। परवेज अहमद ने 42 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन पूरी टीम 19.4 ओवर में 136 रनों पर सिमट गई। अंकित अरोरा ने 3 और अमन शास्त्री ने 2 विकेट चटकाए। अमन शास्त्री को उनके शानदार अर्धशतक और विकेटों के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ से नवाजा गया। आयोजन सचिव अमित श्रीवास्तव ने बताया कि लीग का पहला चरण सफलतापूर्वक संपन्न हो गया है। प्रतियोगिता के दूसरे चरण के मैच अगले शनिवार और रविवार को खेले जाएंगे, जिसके लिए दर्शकों को थोड़ा इंतजार करना होगा।