बांदा पुलिस ने दो वाहनों को जब्त कर लगाया जुर्माना:स्टंटबाजी करना पड़ा भारी, दो वाहन सीज

बांदा में खतरनाक स्टंट करना युवकों को भारी पड़ गया। बांदा पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए ऐसे 2 चारपहिया वाहनों को जब्त कर उनके मालिकों पर हजारों रुपये का जुर्माना लगाया है। पुलिस अधीक्षक पलाश बंसल के निर्देश पर यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोशल मीडिया सेल की निगरानी के दौरान एक वीडियो सामने आया। जिसमें कुछ नाबालिग युवक चारपहिया वाहनों पर अनियंत्रित होकर खतरनाक स्टंट करते हुए नजर आए। वीडियो का संज्ञान लेते हुए बांदा यातायात पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। जिसमें वाहन संख्या UP90 AJ 0672 के मालिक पवन पुत्र ब्रजमोहन, निवासी ग्राम महोखर, थाना कोतवाली नगर के वाहन को जब्त करते हुए 12,500 रुपये का चालान किया गया। इसी तरह वाहन संख्या UP90 AH 8190 के मालिक रामू पुत्र रामसनेही, निवासी ग्राम कालूकुआं, थाना कोतवाली नगर के वाहन को भी जब्त किया गया और उन पर 9,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस ने दोनों वाहन मालिकों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए उन्हें कड़ी चेतावनी दी है। साथ ही बताया गया कि सोशल मीडिया पर सामने आए अन्य स्टंटबाज़ वाहनों की भी पहचान की जा रही है, जिन पर आगे कार्रवाई की जाएगी। बांदा पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर लोकप्रियता के लिए इस तरह के जानलेवा स्टंट न करें। पुलिस के अनुसार, ऐसे कृत्य न केवल स्टंट करने वालों के लिए बल्कि आम नागरिकों के लिए भी गंभीर खतरा पैदा कर सकते हैं।