हिंदुओं के खिलाफ आपत्तिजनक वीडियो बनाने वाली समरीन गिरफ्तार:अभद्र भाषा का इस्तेमाल, धार्मिक भावनाएं आहत करने पर कार्रवाई

अमरोहा देहात थाना क्षेत्र में हिंदुओं के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल कर वीडियो वायरल करने वाली मुस्लिम महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के आरोप में की गई है। युवती के दो वीडियो तीन दिन पहले सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। इन वीडियो में मुस्लिम महिला ने हिंदू युवतियों के बारे में गलत शब्दों का प्रयोग किया था और हिंदुओं के बारे में अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। वीडियो सामने आने के बाद कई हिंदू समुदाय के लोगों ने कड़ी आपत्ति जताई थी। उन्होंने आरोपी महिला के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की मांग की थी, जिसके बाद इलाके में आक्रोश का माहौल बन गया था। हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद महिला का एक और वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था, जिसमें वह माफी मांगती नजर आ रही थी। महिला ने कहा था कि उसका इरादा किसी समुदाय या व्यक्ति को आहत करने का नहीं था और अगर किसी को ठेस पहुंची हो तो वह दिल से माफी मांगती है। उसने लोगों से पुराना वीडियो डिलीट करने की भी अपील की थी। बुधवार को पुलिस ने आरोपी महिला समरीन निशा पत्नी सरफराज, निवासी गांव सुल्तानपुर इंतजाम अली, थाना अमरोहा देहात को गिरफ्तार कर लिया। उस पर हिंदू समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक शब्दों का इस्तेमाल करने और धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का आरोप है।