न्यायिक अभिरक्षा से फरार बंदी 24 घंटे में गिरफ्तार:सीतापुर में पॉक्सो एक्ट का था आरोपी, कोतवाली नगर पुलिस ने तिराहे से पकड़ा

सीतापुर में नगर कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए न्यायालय अभिरक्षा से फरार हुए विचाराधीन बंदी को महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक अनूप शुक्ला के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कसरैला इलाके से फरार बंदी को दबोच लिया है। फरार बंदी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली है। मामला मंगलवार दोपहर का है, जब विचाराधीन बंदी पॉक्सो कोर्ट में पेशी के बाद वापस जिला जेल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान न्यायिक अभिरक्षा से बंदी पुलिस आरक्षी को चकमा देकर फरार हो गया था। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था और उच्चाधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे। फरार बंदी की पहचान रोहित मारुति पुत्र स्व. रामू निवासी मछली मंडी, कोतवाली नगर के रूप में हुई थी। सीओ सिटी विनायक भोसले ने बताया कि बंदी रोहित मारुति 21 जनवरी 2026 को नाबालिग लड़की को भगाने के आरोप में जेल भेजा गया था। उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज है। इसके अलावा उस पर चोरी के कई पुराने मामले भी दर्ज बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक ने बंदी की सुरक्षा में तैनात मुख्य आरक्षी राजकुमार मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया था। साथ ही नगर कोतवाली में संबंधित आरक्षी के खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा सुरक्षा में लापरवाही को गंभीरता से लिया गया है। फरार बंदी की तलाश में नगर कोतवाली पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। इसी क्रम में बुधवार शाम को मुखबिर से सूचना मिलने पर कसरैला इलाके में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ के बाद उसे आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए पुनः जेल भेजने की तैयारी की जा रही है। सीओ सिटी का कहना है कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है। मामले की जांच अभी जारी है