राजनगर एक्सटेंशन स्थित हम तुम रोड पर एक सड़क हादसे में 25 वर्षीय युवक मोहित शर्मा की मौत के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। निलाया ग्रीन्स सोसायटी के निवासी मोहित की देर रात दुर्घटना में मौत हो गई थी। इसके विरोध में क्षेत्रवासियों ने सड़क घेराव कर शांतिपूर्ण मार्च निकाला। परिजनों के अनुसार, मोहित नोएडा की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। वह रात की ड्यूटी पूरी कर अपनी बाइक से घर लौट रहे थे, तभी एक तेज रफ्तार बड़े वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोहित गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि हम तुम रोड की हालत बेहद खराब है। सड़क जगह-जगह से टूटी हुई है, गहरे गड्ढे हैं और स्ट्रीट लाइटें भी बंद पड़ी हैं। इसके अलावा, ओवरलोडेड और बिना नंबर प्लेट वाले ट्रकों की तेज रफ्तार आवाजाही रोजाना लोगों की जान जोखिम में डाल रही है। हादसे के विरोध में आज शाम करीब 5:30 बजे हम तुम रोड के निवासी एकजुट हुए। सभी लोग निलाया ग्रीन्स के मेन गेट पर एकत्र हुए और वहां से सड़क तक शांतिपूर्ण मार्च निकाला। यह प्रदर्शन लगभग दो घंटे तक चला, जिसमें प्रदर्शनकारियों ने सड़क की बदहाल स्थिति और लगातार हो रहे हादसों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन के सामने तीन प्रमुख मांगें रखीं: हम तुम रोड की तत्काल और स्थायी मरम्मत, मृतक युवक के परिवार को उचित मुआवजा, और सड़क सुरक्षा के लिए तुरंत ठोस कार्रवाई। दीपांशु मित्तल ने बताया कि यह आंदोलन सभी स्थानीय निवासियों ने मिलकर किया है। मौके पर पहुंची पुलिस को एक ज्ञापन सौंपा गया और चेतावनी दी गई कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन जारी रहेगा। लोगों का कहना है कि वे हर साल करोड़ों रुपये टैक्स के रूप में प्रशासन को देते हैं।