इंदिरापुरम ग्रीन बेल्ट से 800 मीटर भूमि कब्जा मुक्त:गाजियाबाद में अवैध अतिक्रमण पर चलाया बुलडोजर

गाजियाबाद नगर निगम की महापौर सुनीता दयाल ने इंदिरापुरम की ग्रीन बेल्ट से अवैध कब्जे हटवाने के लिए अभियान चलाया। इस दौरान नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मालिक और नगर निगम की टीम उनके साथ मौजूद रही। ग्रीन बेल्ट पर बचे हुए कब्जों पर बुलडोजर चलाकर लगभग 800 मीटर भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। इससे पहले भी नगर निगम लगभग 1100 मीटर भूमि को कब्जा मुक्त करा चुका है। निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि ग्रीन बेल्ट की जमीन पर कई स्थानों पर अब भी अवैध कब्जे थे। इनमें कार वॉश और कार रिपेयर की दुकानें तथा झुग्गियां शामिल थीं। बताया गया कि मोमीन, प्रमोद, राजबलिया और फजरुद्दीन जैसे लोग इस सरकारी जमीन पर कब्जा कर लोगों से किराया वसूल रहे थे। महापौर ने मौके पर ही अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। जहां संभव हुआ, वहां तुरंत अतिक्रमण हटाया गया। कुछ लोगों को अपना सामान हटाने के लिए दो दिन का समय दिया गया, ताकि उन्हें किसी प्रकार का नुकसान न हो। इसके बाद महापौर ने इंदिरापुरम एसटीपी के पास स्थित मियावाकी वन क्षेत्र का भी निरीक्षण किया। वहां नगर निगम की जमीन से सटी हुई झुग्गियां मिलीं, जिन्हें कनावनी इलाके के कुछ लोगों ने किराए पर दे रखा था। महापौर ने अधिकारियों को जमीन की जांच करने के निर्देश दिए और कहा कि यदि यह भूमि नगर निगम की पाई जाती है, तो वहां भी कार्रवाई की जाएगी। महापौर सुनीता दयाल ने बताया कि पहले इंदिरापुरम पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया, जिसके कारण ग्रीन बेल्ट और अन्य सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे हो गए। उन्होंने कहा कि अब जब यह क्षेत्र नगर निगम के अधीन है, तो विकास कार्यों के साथ-साथ अतिक्रमण हटाने का काम भी तेजी से किया जा रहा है। महापौर ने स्पष्ट किया कि यदि तय समय में कब्जा नहीं हटाया गया, तो फिर से बुलडोजर चलाया जाएगा।