मेरठ के सेंट जोसेफ इंटर कॉलेज में शुक्रवार को नेशनल डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (एनडीआरएफ) द्वारा एक व्यापक मोबिलाइज़ेशन एक्सरसाइज का आयोजन किया गया। इस अभ्यास का उद्देश्य किसी भी आपातकालीन या आपदा की स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करना तथा विभिन्न विभागों के बीच आपसी समन्वय को मजबूत करना रहा। बचाव के तरीको को बताना रहा उदेश्य
मोबिलाइज़ेशन एक्सरसाइज के दौरान आपदा प्रबंधन से जुड़ी तैयारियों, संसाधनों की उपलब्धता, राहत एवं बचाव कार्यों की रणनीति पर त्वरित निर्णय क्षमता को परखा गया। एनडीआरएफ की टीम ने वास्तविक परिस्थितियों जैसी स्थिति बनाकर रेस्क्यू, सुरक्षित निकासी और प्राथमिक सहायता से जुड़े अभ्यास कराए। इस अभ्यास में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, अग्निशमन सेवा, आपदा प्रबंधन विभाग, सिविल डिफेंस, स्काउट एंड गाइड सहित अन्य सहयोगी एजेंसियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। सभी विभागों ने आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए यह प्रदर्शित किया कि आपदा के समय किस प्रकार संयुक्त रूप से कार्य कर जनहानि को न्यूनतम किया जा सकता है। इसके साथ ही आपदा के समय बरती जाने वाली सावधानियों, सुरक्षित निकासी के तरीकों तथा प्राथमिक उपचार की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह की मोबिलाइज़ेशन एक्सरसाइज भविष्य में आने वाली किसी भी संभावित आपदा से निपटने में बेहद कारगर साबित होती हैं और इससे प्रशासनिक तंत्र की तैयारियों को मजबूती मिलती है।