खन्ना में लापता युवक का शव मिला, बवाल:हत्या के आरोप में कानपुर-सागर हाईवे जाम, पुलिस पर लापरवाही का आरोप

महोबा के खन्ना थाना क्षेत्र में एक लापता युवक का शव मिलने के बाद जमकर बवाल हुआ। 1 फरवरी से गायब 21 वर्षीय रवि का शव आज गांव के तालाब में उतराता मिला। इससे गुस्साए परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कानपुर-सागर हाईवे पर जाम लगा दिया। बन्नी गांव के मजरा बरमपुरवा निवासी रवि 1 फरवरी की रात संदिग्ध परिस्थितियों में घर से लापता हो गया था। परिजनों का दावा है कि वह केवल चड्डी-बनियान पहने हुए था और उसके जूते-कपड़े घर पर ही मिले थे। परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने का अंदेशा जताया है।
परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया। उनका कहना है कि पुलिस ने केवल गुमशुदगी की कागजी खानापूर्ति की और युवक को खोजने का कोई ठोस प्रयास नहीं किया। परिजनों की मानें तो यदि पुलिस समय रहते सक्रिय होती तो शायद रवि की जान बच सकती थी। हत्या के आरोप और पुलिस की कथित लापरवाही के विरोध में परिजनों ने कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग-34 पर चक्का जाम कर दिया। इस दौरान उन्होंने जमकर नारेबाजी की। करीब दो घंटे तक चले इस जाम के कारण सड़क के दोनों ओर सैकड़ों छोटे-बड़े वाहनों की कतारें लग गईं, जिससे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। हंगामे की सूचना मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक वंदना सिंह और भारी पुलिस बल मौके पर पहुँचा। एएसपी ने परिजनों को निष्पक्ष जांच और हर संभव मदद का भरोसा दिया। पुलिस के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए और करीब दो घंटे बाद हाईवे पर आवागमन सुचारू हो सका।