जौनपुर में सीटेट परीक्षा में दो युवक गिरफ्तार:दूसरे के स्थान पर दे रहे थे परीक्षा, बायोमेट्रिक से पकड़े गए

जौनपुर में केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटेट) की सुचिता को भंग करने की कोशिश शनिवार को टीडी कालेज परीक्षा केंद्र पर नाकाम हो गई। दूसरी पाली में दूसरे के स्थान पर परीक्षा दे रहे दो युवकों को बायोमेट्रिक मिलान के आधार पर पकड़ लिया गया। कड़ाई से पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पकड़े गए आरोपियों में एक स्थानीय जलालपुर और दूसरा फतेहपुर जिले का निवासी है। कालेज प्रशासन ने दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया है। तिलकधारी डिग्री कालेज के प्राचार्य डा. राम आसरे सिंह ने बताया- परीक्षा के दौरान सीबीएसई के नई दिल्ली स्थित कार्यालय से फोन आया कि कालेज के दो केंद्रों पर परीक्षार्थियों का बायोमेट्रिक डाटा मिसमैच (असमान) हो रहा है। सहायक पुलिस अधीक्षक गोल्डी गुप्ता ने बताया- शनिवार को C TET की द्वितीय पाली परीक्षा में टीडी पीजी कॉलेज में अनुराग चौबे पुत्र गिरीश चौबे निवासी तालामझवारा पोस्ट जलालपुर, जौनपुर व विपिन सिंह पुत्र रतिभान सिंह निवासी शिवपुरी, खाखरू, जिला- फतेहपुर ये दोनों दूसरे की जगह पेपर दे रहे थे। जिनको कॉलेज प्रशासन द्वारा बायोमेट्रिक मिसमैच होने पर पकड़ा गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है।