इटावा बरेली हाईवे पर एक सड़क हादसे में बाइक सवार 26 वर्षीय ठेकेदार संजीव कश्यप की मौत हो गई। हुल्लापुर के पास एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। संजीव को गंभीर हालत में लोहिया अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। संजीव कश्यप फर्रुखाबाद जनपद के जहानगंज थाना क्षेत्र के महमदपुर अमलेया गांव के निवासी थे। वह लखीमपुर खीरी में ठेकेदारी का काम करते थे, जिसमें घर-घर बिजली कनेक्शन देने का ठेका शामिल था। रविवार शाम को वह लखीमपुर से अपनी बाइक पर घर लौट रहे थे। उनके साथ गांव का ही लव कुमार दूसरी बाइक पर था। इटावा बरेली हाईवे पर हुल्लापुर के पास, सामने से आ रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार ने एक ट्रक को ओवरटेक करते समय संजीव की बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि संजीव गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद एंबुलेंस की मदद से संजीव को लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवाकर थाना पुलिस को सूचना दी है। संजीव की शादी चार साल पहले हुई थी और उनका ढाई साल का एक बेटा है। उनके परिवार में पत्नी शालू और मां रेखा देवी हैं। वह अपने पांच भाइयों में सबसे बड़े थे।