कानपुर BJP के तीन पार्षद दिल्ली पहुंचे:रक्षामंत्री राजनाथ से अपना पक्ष रखा है, सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष से करेंगे मुलाकात

कानपुर में मेयर और पार्षदों के बीच का मामला अब भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंच गया है। आरोप-प्रत्यारोप और पार्षदों के नगर निगम सदन से निष्कासन को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे। इसी क्रम में रविवार को पार्षदों ने दिल्ली में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से मुलाकात कर अपनी बात रखी।
कानपुर से तीन पार्षद दिल्ली गए, जिनमें पवन गुप्ता, विकास जायसवाल और लक्ष्मी कोरी मौजूद रहे। पार्षद पवन गुप्ता ने मुलाकात की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर भी पोस्ट की है।
पवन गुप्ता ने बताया कि उन्होंने रक्षा मंत्री से समय मांगा था और अपना पक्ष रखने के लिए रविवार को दिल्ली पहुंचे। वहां राजनाथ सिंह से मुलाकात कर कानपुर से जुड़े पूरे मामले की जानकारी दी। उनकी बात सुनने के बाद रक्षा मंत्री ने आश्वासन दिया कि इस मामले में प्रदेश अध्यक्ष से बात कर आगे का निर्णय लिया जाएगा।
पवन गुप्ता ने यह भी बताया कि सोमवार को वह दिल्ली में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी से भी मुलाकात कर अपना पक्ष रखेंगे।