सपा महिला पार्षद के खिलाफ नगर निगम कराएगा FIR:लखनऊ में विधायक बेदी राम के खिलाफ BBD थाने में धरने पर बैठी थीं

सपा पार्षद ममता रावत को सुभासपा विधायक बेदीराम के खिलाफ बीबीडी थाने में धरने पर बैठना महंगा पड़ गया। अब उनके खिलाफ नगर निगम ने नामजद तहरीर पुलिस को दी है। पार्षद के खिलाफ शिकायत देने के लिए थाने पर नगर निगम के नायब तहसीलदार तेजस्वी प्रकाश और लेखपाल सुभाष कौशल पहुंचे। मामले में पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है। इससे पहले सुबह पार्षद अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंची। वहां पर विधायक बेदीराम के खिलाफ गाली देने पर मुकदमा दर्ज नहीं होने पर विरोध हुआ। पार्षद ने लिखित शिकायत देकर नगर निगम के लेखपाल सुभाष कौशल पर आरोप लगाए थे कि बिना वजह विधायक से मेरा नाम बताया गया, जिसके बाद गाली-गलौच की स्थिति हुई। देखिए 3 तस्वीरें… लेखपाल ने पार्षद पर मुकदमा दर्ज कराने को लेकर दी तहरीर बीबीडी थाने में पुलिस को दी शिकायत में नगर निगम के लेखपाल सुभाष कौशल ने कहा- शुक्रवार को नगर निगम की टीम गंगोत्री विहार में अवैध निर्माण के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए पहुंची थी। पुलिस बल नहीं होने पर कार्रवाई को अधूरा छोड़ दिया गया। शनिवार को स्थानीय विधायक योगेश शुक्ला मौके पर पहुंचे तो नायब तहसीलदार के साथ यहां आया। आरोप है यहां पर पार्षद प्रतिनिधि विजय यादव, सचिन यादव सहित करीब 12 अज्ञात लोग मौके पर पहुंचे। मारपीट करने की कोशिश की और सरकारी दस्तावेज छीन लिया। फर्जी मुकदने में फंसाने और जान से मारने की धमकी दी। पार्षद ममता रावत ने अनैतिक दबाव बनाया। मामले में पार्षद के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की। पुलिस ने जांच के लिए मांगा समय ममता रावत ने अपने समर्थकों के साथ बीबीडी थाने पर धरना दिया। वह सुभासपा विधायक बेदी राम पर मुकदमा नहीं दर्ज होने को लेकर नाराज हैं। थाने पर उनके समर्थकों में भी भारी आक्रोश था। वे विधायक बेदी राम मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे। समर्थकों का कहना था कि टेंट मंगवाकर धरना देंगे। इससे थाने पर गहमागहमी की स्थिति बन गई। महिला पार्षद और समर्थकों के तेवर देखकर पुलिस ने कार्रवाई के लिए पांच दिन की मोहलत मांगी है। इसके बाद धरना समाप्त हो गया। उन्होंने लेखपाल कौशल के खिलाफ भी शिकायत दी। शनिवार को दी थी शिकायत सपा पार्षद ममता रावत ने 7, फरवरी, शनिवार को विधायक बेदी राम के खिलाफ बीबीडी थाने में शिकायत दी थी। उनका आरोप है कि पुलिस ने मामले में मुकदमा नहीं दर्ज किया है। इस पर 8 फरवरी को वह अपने समर्थकों के साथ बीबीडी थाने आई। पार्षद ममता रावत का कहना है कि सुभासपा विधायक बेदीराम ने मेरे लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया है। गालियां दी हैं। उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से भी इस संबंध में अवगत कराया है। मेयर सुषमा खर्कवाल को भी लिखित में शिकायत दे चुकी हैं। नगर निगम की ओर से भी आज विधायक बेदी राम के खिलाफ शिकायत दी जा सकती है। FIR कराऊंगी और धरना भी दूंगी ममता चौधरी ने इस प्रकरण को लेकर काफी आक्रोशि हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा- विधायक बेदी राम ने मुझे गालियां दी हैं। मैं इसकी FIR कराउंगी। कार्रवाई नहीं होने पर धरना दूंगी। विधायक का यह अधिकार नहीं है कि एक महिला पार्षद को गालियां दें। यह है पूरा मामला गोमतीनगर के भरवारा के गंगोत्री विहार फेज-टू में नाले पर अवैध कब्जे को लेकर विवाद चल रहा है। यहां सुभाषपा विधायक बेदीराम का मैरिज हॉल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि विधायक ने नाले की जमीन पर कब्जा कर रखा है। 6 फरवरी को बेदीराम का एक वीडियो सामने आया था। आरोप है कि इस वीडियो में विधायक फोन पर लेखपाल कौशल को डांट-फटकार रहे हैं। कह रहे हैं कि तुम्हारी हिम्मत कैसे हुई, वहां जाने की? नौकरी करना मुश्किल कर दूंगा। इस पर जब लेखपाल स्थानीय महिला पार्षद ममता चौधरी के कहने पर कार्रवाई की बात कहते हैं तो विधायक महिला पार्षद को भी गालियां देते हैं। लेखपाल कौशल ने पुलिस से शिकायत कर मुकदमा दर्ज कराने की बात कही थी। वहीं, विधायक बेदीराम ने सभी आरोपों को नकारा था। उनका कहना है कि हमने अपने बच्चों से बात की थी। नगर आयुक्त ने कार्रवाई रुकवाई थी, हमने नहीं।