आगरा के मलपुरा थाना क्षेत्र में देर रात एक सड़क हादसे में 37 वर्षीय युवक अनिल की मौत हो गई। यह घटना आगरा-जगनेर रोड पर हुई, जब एक ट्रैक्टर ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। नई बस्ती अजीजपुर निवासी अनिल पुत्र दिवारीलाल दिवाकर शनिवार रात करीब 10 बजे मलपुरा से अपने घर अजीजपुर लौट रहे थे। जब वे अभयपुरा मोड़ के पास पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि अनिल गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अनिल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया। अस्पताल में इलाज के दौरान अनिल की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है। मृतक के भाई विष्णु ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की है। मलपुरा थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेंद्र वशिष्ठ ने बताया कि पीड़ित परिवार की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।