संभल में प्रेम-प्रसंग के शक में एक सिक्योरिटी गार्ड युवक की कथित हत्या का मामला सामने आया है। युवक का शव घर के बरामदे में पंखे से लटका मिला। पोस्टमार्टम के बाद आक्रोशित परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। घटना संभल जनपद के हयातनगर थाना क्षेत्र के कमालपुर सराय शाहपुर गांव की है। मृतक की पहचान 20 वर्षीय अजय कुमार पुत्र स्वर्गीय मुन्नू के रूप में हुई है। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को घर ले जाने के बजाय गांव से लगभग एक किलोमीटर पहले अनुपशहर रोड पर रखकर धरने पर बैठ गए।
सूचना मिलते ही एएसपी कुलदीप सिंह और सीओ आलोक भाटी के साथ हयातनगर, कैलादेवी, नखासा और संभल थानों की पुलिस तथा पीएसी व आरआरएफ मौके पर पहुंची। शाम करीब 6 बजे शुरू हुआ जाम लगभग 40 मिनट तक चला। परिजनों ने अजय की हत्या का आरोप लगाते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी और निष्पक्ष जांच की मांग की। अधिकारियों द्वारा सख्त कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए। इसके बाद रात करीब 8:30 बजे पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कराया गया। मृतक के बड़े भाई संजीव कुमार ने बताया कि रविवार सुबह करीब 6 बजे जब वह और उनकी पत्नी लक्ष्मी जागे, तो अजय घर के बरामदे में फांसी के फंदे से लटका मिला। उस समय घर का लोहे का दरवाजा बाहर से बंद था। अजय छह भाइयों में चौथे नंबर पर था। संजीव कुमार के अनुसार, शनिवार रात करीब 10 बजे पड़ोसी मुनिपाल और गांव के किशोरी के पिता नेत्रपाल, उनके चाचा अभीताभ, ऋषिपाल और धर्मपाल उनके घर आए थे और अजय को अपने साथ बुलाकर ले गए थे। उन्होंने बताया कि उस रात उनकी पत्नी की तबीयत खराब थी और नवजात बेटे को दवा देने के बाद वे सो गए थे। सुबह उठने पर अजय का शव फंदे पर लटका मिला। मृतक के भाई ने आरोप लगाया कि उनके भाई का गांव की एक किशोरी से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इस संबंध में थाना पुलिस को हत्या की आशंका जताते हुए तहरीर दी गई है, लेकिन अभी तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। परिजनों के अनुसार, करीब दो महीने पहले पंचायत के बाद अजय नौकरी के लिए चंडीगढ़ चला गया था और जीरकपुर की एक सोसाइटी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत था। पंचायत में यह तय हुआ था कि लड़की की शादी होने तक वह गांव नहीं आएगा। बेटे के जन्म और बहन की गोदभराई के कार्यक्रम के चलते अजय को गांव बुलाया गया था। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान रंजिश के चलते उसकी हत्या की गई।