फिरोजाबाद के जसराना क्षेत्र में सोमवार देर शाम एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई। इस दुर्घटना में एक महिला और दस वर्षीय बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्राम श्योडा निवासी कौशल किशोर अपनी चाची शीला देवी और छोटे भाई अभिकुमार (10) के साथ ग्राम नगला जइया से दावत खाकर घर लौट रहे थे। उनकी बाइक जैसे ही कस्बा पाडम स्थित पुलिस चौकी के सामने पहुंची, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसे टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि कौशल किशोर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। शीला देवी और अभिकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जबकि मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल पर ग्रामीणों और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई थी, जिसे पुलिस ने यातायात नियंत्रित कर सामान्य किया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है और मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।