12 एंबुलेंस से 100 बच्चे अस्पताल लाए गए:फर्रूखाबाद के स्कूल में तबीयत बिगड़ी, दवा खिलाते ही उल्टी करने लगे

फर्रुखाबाद में 100 स्कूली बच्चों को 12 एंबुलेंस से अस्पताल लाया गया। बच्चे लगातार उल्टी कर रहे थे। एक साथ इतने बच्चे पहुंचने से अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई। दरअसल, सरकारी स्कूल में बच्चों को पेट में कीड़े मारने वाली दवा खिलाई गई थी। इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई। हालत बिगड़ती देख बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) और लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। डीएम आशुतोष कुमार द्विवेदी ने लोहिया अस्पताल पहुंचकर बच्चों का हाल जाना। मामला कमालगंज ब्लॉक एरिया के जवाहरलाल प्रेमा देवी जूनियर स्कूल का है। वहीं मैनपुरी में भी कम्पोजिट विद्यालय नगला कीरत में एल्बेंडाजोल दवा खिलाने से 25 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब जानिए पूरा मामला… मंगलवार को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस की दोपहर स्कूल में बच्चों को पेट में कीड़े मारने की दवा खिलाई गई। कुछ समय बाद बच्चों को चक्कर आने लगे। इसकी सूचना पर बच्चों के अभिभावक तुरंत स्कूल पहुंचे। स्कूल प्रशासन ने कॉल करके 12 एंबुलेंस बुलाईं। 33 बच्चों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) कमालगंज, जबकि 67 को लोहिया में भर्ती कराया गया। पहले 3 एंबुलेंस से 12 बच्चे लोहिया अस्पताल लाए थे। इमरजेंसी की प्रभारी डॉक्टर अभिषेक चतुर्वेदी ने बच्चों का इलाज शुरू कराया। बच्चों की संख्या बढ़ी तो लोहिया अस्पताल के सीएमएस जगमोहन शर्मा, महिला अस्पताल के सीएमएस डॉक्टर धीर सिंह, डॉ विवेक सक्सेना, डॉक्टर नवनीत कुमार, डॉक्टर प्रभात कुमार समेत अन्य चिकित्सक लोहिया पहुंचे। बच्चों का इमरजेंसी में इलाज के बाद उन्हें बच्चा वार्ड में शिफ्ट किया गया। सभी बच्चों को इंजेक्शन लगाने के बाद ओआरएस भी दिया गया। एक बेड पर 3-4 बच्चे लिटाए गए लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी में जैसे ही बच्चों का पहुंचना शुरू हुआ। वहां अफरा-तफरी का माहौल हो गया। इमरजेंसी में भर्ती मरीजों को वार्ड में शिफ्ट किया गया। इस दौरान एक-एक बेड पर तीन से चार-चार बच्चे लिटाए गए। जैसे-जैसे इलाज होता गया, बच्चों को वार्ड में शिफ्ट किया जाता रहा। बच्चा वार्ड में भी अफरा-तफरी का माहौल रहा। बच्चे बोले- सिर दर्द और उल्टी होने लगी सुमित ने बताया- दवा खाने के बाद सिर में दर्द होने लगा। ऐसा लग रहा था कि हम घूम रहे हैं। कक्षा 6 की छात्रा सोनम ने बताया उसे कीड़े मारने की दवा खाने के बाद उसे चक्कर आने लगे। कक्षा तीन की छात्रा मिस्टी ने बताया कि सर ने दवा खिलाई, जिसके बाद चक्कर आने लगे। लोहिया अस्पताल में दुर्गा को ड्रिप लगी हुई थी। उसने बताया स्कूल में उसे एक-एक गोली खिलाई गई। इसके बाद से ही उसकी हालत खराब हुई है। पिंकी ने बताया वह कक्षा 7 की छात्रा है। अस्पताल में दवा खिलाई गई, जिसके बाद उसे दिक्कत होने लगी। अब पढ़िए बच्चों के अभिभावक क्या बोले… महिला सोमवती ने बताया कि बेटी कक्षा तीन में पढ़ती है। उसे स्कूल में दवा खिलाई गई। इसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई। जानकारी होने पर वह स्कूल पहुंची और बच्ची को अस्पताल लेकर आई है। नगला हरिदास निवासी राम अवतार ने बताया कोई मैडम स्कूल में आई थी। उन्होंने सभी बच्चों को दवा खिलाई। कोई बच्चे कम तो कोई ज्यादा बीमार हुए हैं। नातिन को अस्पताल लेकर आए हैं। उसकी हालत खराब है। डॉक्टर बोले- बच्चों को उल्टी होने लगी सीएमएस लोहिया अस्पताल डॉक्टर जगमोहन शर्मा ने बताया राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर बच्चों को पेट में कीड़े मारने की दवा खिलाई गई थी। कुछ बच्चों को उल्टी की शिकायत हुई थी। अब उनकी हालत ठीक है। मैनपुरी में 25 बच्चों की बिगड़ी तबीयत मैनपुरी में मंगलवार को कम्पोजिट विद्यालय नगला कीरत में बच्चों को एल्बेंडाजोल दवा खिलाई गयी। जिससे 25 बच्चों की तबीयत खराब हो गई। दवा खाने के कुछ ही समय बाद बच्चों को उल्टी, चक्कर, पेट दर्द और घबराहट होने लगी। जिसके बाद बच्चों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज जारी है।
डीएम ने कहा- सभी बच्चे ठीक, सिर दर्द हुआ था डीएम आशुतोष कुमार द्विवेदी ने बताया- राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर बच्चों को स्कूल में दवा खिलाई गई थी। बच्चों को कुछ सिर दर्द नोजिया की दिक्कत हुई। बच्चों को पहले कमालगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फिर लोहिया अस्पताल लाया गया। सभी का उपचार किया गया। 67 बच्चे लोहिया अस्पताल लाए गए। 33 बच्चों का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर उपचार किया गया। सीएमओ दो अवनींद्र कुमार ने बताया बच्चों को अल्बेंडाजोल की टेबलेट खिलाई गई। 1 से लेकर 19 साल तक के बच्चों को यह टैबलेट खिलाई जाती है। बच्चों को दवा खाने के बाद दिक्कत हुई। उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले जाया गया। उन्हें पेट दर्द और सिर दर्द की शिकायत थी। स्कूल में 150 बच्चों को ये दवा खिलाई गई थी। ————————— ये खबर भी पढ़ें… मथुरा में परिवार के 5 लोगों की लाश मिली:पति-पत्नी, 3 बच्चे; रसोई की दीवार समेत 3 जगह सुसाइड नोट मिले मथुरा में एक परिवार के पांच लोगों की लाश कमरे में मिली है। मृतकों में पति, पत्नी और तीन बच्चे शामिल हैं। बेड पर मां, एक बेटी और एक बेटा मिले, जबकि दूसरी बेटी चारपाई पर थी। वहीं पति फर्श पर पड़ा मिला। फिलहाल, पुलिस की दो थ्योरी अब सामने आई है। पहली- पति, पत्नी और बच्चों ने दूध में जहर मिलाकर पीया। दूसरी- पति ने पहले पत्नी की हत्या की, फिर बच्चों की जान ली और बाद में करंट लगाकर खुद आत्महत्या कर ली।पढ़ें पूरी खबर…