अलीगढ़ में दामाद से शादी करने वाली सास थाने पहुंची:जीजा के साथ भागने पर बोली- अपने तरीके से जीना चाहती हूं

अलीगढ़ की इस महिला को पहचानते हैं आप? यह वही महिला है, जो अपनी बेटी की शादी से 10 दिन पहले दामाद के साथ भाग गई थी। अब 10 महीने बाद इस मामले में नया मोड़ आ गया। 11 फरवरी (बुधवार) को दामाद यानी महिला के दूसरे पति ने थाने में शिकायत दी। कहा कि उसकी पत्नी अपने जीजा के साथ भाग गई। हालांकि, पुलिस ने इसे बिहार का मामला बताकर पति को लौटा दिया। मामला सामने आने के बाद महिला घूंघट में गुरुवार को थाने पहुंच गई। उसने जीजा के साथ भागने के आरोपों को झूठा करार दिया। कहा- मेरा दामाद के साथ रहने का फैसला गलत था। अब मैं अपने तरीके से जिंदगी जीऊंगी। 38 साल की अनीता देवी उस वक्त सुर्खियों में आई थी, जब वह 6 अप्रैल, 2025 को गायब हो गई थी। पुलिस ने 18 अप्रैल को उसे हिरासत में लिया था। थाने में काउंसिलिंग कराई गई, लेकिन वह पति के साथ जाने के बजाय दामाद राहुल के साथ चली गई थी। इसके बाद से उसी के साथ रह रही थी। दामाद बोला- सास ने धोखा दिया, हूबहू शिकायत पढ़िए
दामाद राहुल ने बुधवार को दादों थाने में शिकायत दी। इसमें राहुल ने कहा- मैं बिहार में फेरी लगाकर कपड़े बेचने का काम करता हूं। 15 दिन पहले मेरी पत्नी अनीता का अपने जीजा से संपर्क हुआ। मैंने दोनों की फोन पर हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग सुनी है। ऑडियो में दोनों एक साथ रहने की बात कर रहे थे। दोनों ने मुझे जहर देकर साथ भागने की योजना बनाई थी। 6 फरवरी को पत्नी अनीता (पहले सास) ने मुझे धोखा दिया और अपने जीजा के साथ चली गई। वह 2 लाख रुपए कैश और जेवर भी साथ ले गई। इसलिए मेरी पत्नी को पकड़ा जाए। महिला बोली- मेरा फैसला गलत निकला
मीडिया में मामला सामने आने के बाद अनीता गुरुवार को थाने पहुंच गई। उसने पुलिस से कहा- मैं अपने बच्चों को छोड़कर दामाद के साथ चली गई थी। इसका मुझे अब बहुत अफसोस है। मेरा फैसला गलत निकला। राहुल (दामाद) मुझे धमकाता और परेशान करता है। वह महिलाओं को बेचने का काम करता है। अब मैं राहुल से अलग रहकर मेहनत-मजदूरी करना चाहती हूं। अपने बच्चों के पास रहना चाहती हूं, लेकिन राहुल ने मुझे बच्चों के पास जाने से मना कर दिया। राहुल ने मेरे साथ मारपीट की, मेरे जेवर और रुपए हड़प लिए। इसलिए मैंने उसे छोड़ दिया। दामाद के साथ भागने की एक साल पहले की कहानी, 3 पॉइंट में जानिए… 1- बेटी की शादी से 10 दिन पहले दामाद के साथ भागी थी
अनीता का पहला पति जितेंद्र कुमार है और उनकी बेटी शिवानी मडराक थाना क्षेत्र के गांव मनोहरपुर कायस्थ में रहती है। जितेंद्र ने बेटी की शादी 16 अप्रैल 2025 को दादों थाना क्षेत्र के रिया नगला गांव निवासी राहुल के साथ तय की थी। राहुल उत्तराखंड के रुद्रपुर में एक निजी कंपनी में सुपरवाइजर था। शादी से 10 दिन पहले, 6 अप्रैल 2025 को शिवानी की मां अनीता अचानक घर से गायब हो गई। दूसरी ओर, होने वाला दामाद राहुल भी अपने घर से कपड़े खरीदने की बात कहकर निकला, लेकिन वापस नहीं लौटा। अलीगढ़ से बाहर निकलते ही दोनों ने मोबाइल फोन बंद कर लिए। 2- FIR दर्ज हुई तो थाने में दामाद के साथ सरेंडर किया
परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चला। पांच दिन बाद राहुल ने अपने पिता को फोन कर कहा कि उसे ढूंढने की कोशिश न करें, वह वापस नहीं आएगा। इसके बाद राहुल के परिवार को पता चला कि उसकी होने वाली सास भी गायब है। परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने बिहार समेत कई राज्यों में दबिश दी और तलाशी अभियान चलाया। 18 अप्रैल को दोनों दादों थाने पहुंचे और सरेंडर कर दिया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। 3- थाने में पति के साथ जाने से मना किया, फिर दामाद के साथ रहने लगी
पूछताछ में सामने आया कि 10 दिनों के दौरान दोनों करीब 2826 किलोमीटर तक भागते रहे। वे यूपी के अलावा नेपाल, दिल्ली और बिहार में छिपते रहे। दोनों की 4 घंटे तक काउंसलिंग भी चली। पुलिस ने महिला को समझाया और पति के साथ जाने के लिए कहा, लेकिन महिला ने साफ इनकार कर दिया। अनीता ने बताया कि वह 20 सालों से अपनी ख्वाहिशों को दबाकर जी रही थी। बात-बात पर उसके साथ बदसलूकी की जाती थी। वह यह सब बर्दाश्त नहीं कर पा रही थी, इसलिए उसने घर छोड़ दिया। उसने कहा कि वह अब पति के साथ नहीं जाना चाहती। इसके बाद पुलिस ने दोनों को छोड़ दिया। महिला तब से दामाद के साथ रह रही थी। पहले पति ने दूसरी शादी की, बेटी की शादी अभी तक तय नहीं हुई
अनीता के पहले पति जीतू ने एक महीने पहले दूसरी शादी कर ली थी। हालांकि, उसकी बेटी की शादी अभी तक कहीं तय नहीं हुई है। बेटी का कहना है कि हम लोगों ने अनीता को पूरी तरह भुला दिया है। अब उसके बारे में कोई भी जानकारी नहीं लेना चाहते। —————– यह खबर भी पढ़ें- इंस्टाग्राम से प्यार, बॉयफ्रेंड निकला टाइल्स वाला:गोरखपुर में महंगी बाइकों के साथ फोटो देख इंप्रेस हुई, फिर 70 किमी दूर मिलने पहुंच गई गोरखपुर में नाबालिग लड़की को इंस्टाग्राम पर 17 साल के लड़के से प्यार हो गया। वह बॉयफ्रेंड की महंगी बाइकों के साथ फोटो देखकर इंप्रेस हो गई। दोनों की बातचीत होने लगी। धीरे-धीरे दोनों एक-दूसरे से प्यार करने लगे। फिर लड़की सिलाई करने के बहाने लड़के से मिलने जाने लगी। तब जाकर पता चला कि बॉयफ्रेंड टाइल्स लगाने का काम करता है। पढ़िए पूरी खबर…