चित्रकूट के राजापुर थाना क्षेत्र के ग्राम रुपैली में गुरुवार को एक हेलीपेड निर्माण कार्य के दौरान बड़ा हादसा हो गया। ट्रैक्टर से जमीन समतल करते समय 13 वर्षीय नाबालिग अभिनंदन की पहिए में फंसकर मौत हो गई। घटना के बाद गांव में आक्रोश फैल गया और ग्रामीणों ने शव को लेकर हंगामा किया। ग्रामीणों के अनुसार, गांव में हर साल दंगल का आयोजन होता है। इस बार एक नामी पहलवान के हेलीकॉप्टर से आने की सूचना थी, जिसके चलते कार्यक्रम स्थल पर हेलीपेड तैयार किया जा रहा था। मैदान को ट्रैक्टर-लेवलर से समतल किया जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि अभिनंदन लेवलर पर बैठा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर गया और ट्रैक्टर के पिछले पहिए की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की मां ने आरोप लगाया कि अभिनंदन पास के विद्यालय में पढ़ने गया था। उसे वहीं से बुलाकर ट्रैक्टर पर बैठाया गया था। उन्होंने पूरी घटना के लिए चालक को जिम्मेदार ठहराया है। ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के बाद चालक और ट्रैक्टर मालिक ने मिलीभगत कर शव को छिपाने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि शव को करीब 500 मीटर दूर ले जाकर स्कूल के पास रखी गिट्टी में फेंक दिया गया और आरोपी फरार हो गए। मामला उस समय और गरमा गया जब परिजनों ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका कहना था कि बिना विधिवत पंचनामा किए शव को निजी वाहन से ले जाने की कोशिश की गई। इसके विरोध में ग्रामीणों ने रुपैली से मुख्य सड़क को जाने वाले मार्ग पर लगभग एक घंटे तक जाम लगा दिया। राजापुर पुलिस के साथ पहाड़ी और सरघुवा थानों की पुलिस फोर्स भी तैनात की गई। अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद स्थिति शांत हुई और जाम समाप्त कराया गया।
सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) मऊ मौके पर पहुंचे। कहा मामला संज्ञान में आया है तहरीर प्राप्त हुई है मुकदमा दर्ज हो गया है । आरोपी गिरफ्तार क़र लिया है जाँच की जा रही है।