आईजी लखनऊ ने 84 कोसीय परिक्रमा मेले का निरीक्षण किया:सुरक्षा, सुविधा के निर्देश; सभी पड़ाव स्थल CCTV निगरानी में

सीतापुर में 19 फरवरी से प्रारंभ होने वाले विश्व प्रसिद्ध 84 कोसीय होली परिक्रमा मेले की तैयारियों के मद्देनज़र आईजी लखनऊ किरण एस ने गुरुवार शाम को चक्रतीर्थ पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। उनके साथ एसपी सीतापुर अंकुर अग्रवाल एवं एएसपी दुर्गेश सिंह भी मौजूद रहे। निरीक्षण के दौरान आईजी ने चक्रतीर्थ का दर्शन-पूजन किया। प्रधान पुजारी राज नारायण पाण्डेय ने उन्हें तीर्थ के धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व से अवगत कराया तथा वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया। इस अवसर पर उन्हें अंगवस्त्र और चक्रतीर्थ का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया। आईजी ने संबंधित अधिकारियों को मेले के दौरान व्यापक सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाए ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न फैल सके। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, अस्थायी पुलिस कंट्रोल रूम स्थापित करने तथा अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के लिए सीसीटीवी कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश दिए है। इसके अलावा मेले क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे एवं ड्रोन कैमरों से निगरानी, खोया-पाया केंद्र की स्थापना, समुचित बैरिकेडिंग तथा दिशा-सूचक साइन बोर्ड लगाने के भी निर्देश दिए गए। आईजी ने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी मिश्रिख विशाल गुप्ता, थाना नैमिष प्रभारी नवनीत मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक मिश्रिख प्रदीप कुमार सिंह तथा कोतवाल प्रदीप सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन द्वारा मेले को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने की तैयारियां तेज कर दी गई हैं।