ट्रैक पर 30 मिनट तक खड़ी रही छपरा एक्सप्रेस:ट्रेन से कटकर युवक की मौत, क्रासिंग बन्द रहने से वाहनों की लाइन लगी

कन्नौज जिले के मलिकपुर कस्बे के पास शुक्रवार को एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। जिससे उसकी मौत हो गई। एक्सीडेंट के बाद ट्रेन करीब 30 मिनट तक ट्रैक पर खड़ी रही। जिस कारण मलिकपुर क्रासिंग भी बन्द रही और वाहनों की लाइन लग गई। मामला गुरसहायगंज कोतवाली की समधन चौकी क्षेत्र के रामाश्रम के पास का है। यहां शाम के समय कानपुर से फर्रुखाबाद जा रही ट्रेन छपरा एक्सप्रेस ट्रेन से एक युवक टकरा गया। जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। एक्सीडेंट के कारण ट्रैक पर करीब 30 मिनट तक ट्रेन खड़ी रही। यहां युवक की मौत की सूचना आरपीएफ कांस्टेबल धर्मेंद्र कुमार ने समधन चौकी इंचार्ज दीपक कुमार को दी। कुछ देर बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हालांकि देर शाम तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी। रामाश्रम के पास एक्सीडेंट होने के कारण ट्रैक पर ट्रेन खड़ी रही। जिस कारण मलिकपुर क्रासिंग भी करीब 45 तक बन्द रही। इस दौरान कन्नौज-फर्रुखाबाद रोड पर क्रासिंग के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गई। जाम में फंसे लोग परेशान दिखाई दिए। ट्रेन रवाना होने के बाद क्रासिंग खुल सकी और तब लोगों ने राहत की सांस ली।