सीएम योगी आदित्यनाथ शुक्रवार की शाम गोरखपुर पहुंचे। विधानसभा में उद्बोधन समाप्त करने के बाद वह गोरखपुर आए और वहां से गोरखनाथ मंदिर पहुंचे। सीएम 14 व 15 फरवरी को विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। शिवरात्रि के अवसर पर सीएम विभिन्न शिवालयों में जलाभिषेक भी करेंगे।
गोरखनाथ मंदिर पहुंचने के बाद सीएम ने गुरु गोरखनाथ की पूजा अर्चना की। इसके बाद ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि स्थल पर गए और उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने शिवरात्रि के अवसर पर शिवालयों में की गई व्यवस्था और सुरक्षा के इंतजाम के बारे में जानकारी ली। मुख्यमंत्री शनिवार को पहले जंगल कौड़िया में बने ब्लाक गेट का लोकार्पण करेंगे। उसके बाद गोरखनाथ मंदिर आएंगे। वहां से दोपहर बाद 3 बजे बिछिया में नवनिर्मित कल्याण मंडपम का लोकार्पण करेंगे। इस कल्याण मंडपम का निर्माण गोरखपुर विकास प्राधिकरण की ओर से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की विधायक निधि से किया गया है। यहां राप्तीनगर विस्तार योजना के कुछ आवंटियों को आवंटन प्रमाण पत्र भी वितरित करेंगे। यहां से सीएम रामगढ़ताल के किनारे बन रहे ताल रिंग रोड का निरीक्षण करने जाएंगे।
मई तक पूरा हो जाएगा ताल रिंग रोड का काम गोरखपुर विकास प्राधिकरण की ओर से मोहद्दीपुर से सहारा एस्टेट तक निर्माणाधीन 4.8 किलोमीटर लंबी ताल रिंग रोड से यातायात तो सुगम होगा ही ताल की खूबसूरती भी बढ़ जाएगी। रिंग रोड का कार्य मई 2026 तक पूरा हो जाने की उम्मीद है। महादेव झारखंडी मंदिर में करेंगे जलाभिषेक सीएम बिछिया से महादेव झारखंडी मंदिर जाएंगे और वहां जलाभिषेक करेंगे। जलाभिषेक करने के बाद वह ताल रिंग रोड का निरीक्षण करने जाएंगे। उसके बाद गोरखनाथ मंदिर पहुंचेंगे।