झांसी में पूर्व जिला पंचायत सदस्य के बेटे की खेत पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिजनों को जानकारी मिलने पर वे मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायल युवक को मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
घटना रक्सा थाना क्षेत्र के बाजना रोड इलाके की है।
रक्सा थाना क्षेत्र के बाजना गांव निवासी पूर्व जिला पंचायत सदस्य नरेश राजपूत का 24 वर्षीय बेटा अंशुल राजपूत बाजना रोड स्थित अपने खेत पर पानी लगाने गया था। अंशुल के चाचा उमेश राजपूत ने बताया कि अंशुल की मां कलावती भी खेत पर जानवरों के लिए चारा काट रही थीं। इसी दौरान बिजली चली गई और अंशुल खेत पर बनी टपरी में जाकर लेट गया।
जब उसकी मां घर जाने के लिए टपरी पर पहुंचीं तो उन्होंने अंशुल को लहूलुहान हालत में पड़ा देखा। उन्होंने तुरंत परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद सभी लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को फोन कर सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने अंशुल को इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पूरे मामले में एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि युवक की मौत हो चुकी है। उसके परिजनों ने गांव के ही तीन लोगों के खिलाफ तहरीर दी है, जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है।
हत्या का आरोपी था मृतक
परिजनों के अनुसार, साल 2018 में अंशुल के खिलाफ मौसी के बेटे द्वारा अपने ससुर की हत्या के मामले में मुकदमा दर्ज हुआ था। इस मामले में अंशुल एक महीने जेल भी रहा था। परिजनों का आरोप है कि विपक्षी पक्ष इस पुराने मामले में राजीनामा करने का दबाव बना रहा था, जिसे लेकर पहले से विवाद चल रहा था।