उन्नाव में जहरीला पदार्थ खाने से युवक की मौत:हालत बिगड़ने पर परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, चिकित्सकों ने मृत घोषित किया

उन्नाव के आसीवन थाना क्षेत्र में पत्नी से कहासुनी के बाद एक युवक ने कथित तौर पर जहरीला पदार्थ निगल लिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया है। यह घटना कुरसठ ग्रामीण के मजरा रसूलपुर की है। मृतक की पहचान कमलेश (27) पुत्र रमेश के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, कमलेश लगभग पंद्रह दिन पहले अपनी ससुराल लखनऊ के सरैया गया था। गुरुवार को वह घर लौटा और शुक्रवार को फिर ससुराल चला गया। शनिवार को ससुराल में पत्नी से कहासुनी होने के बाद कमलेश वापस घर आ गया। इसी बात से नाराज होकर उसने रात करीब 9 बजे जहरीला पदार्थ निगल लिया। उसकी हालत बिगड़ने पर परिजनों को जानकारी हुई। परिजनों ने कमलेश को गंभीर हालत में मियागंज के एक निजी अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर आसीवन थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह और चौकी इंचार्ज कुरसठ राजीव कुमार भदौरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि, परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से स्पष्ट रूप से इनकार कर दिया। मृतक कमलेश का विवाह पांच वर्ष पूर्व गीता से हुआ था। उनकी एक वर्ष की बेटी भी है।